जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
-मुख्यमंत्री की गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज बरामद होने का दावा
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित खतरे की सूचना और हाल ही में हुई गिरफ्तारियों के बाद मुख्यमंत्री ने बुलेटप्रूफ वाहन का नियमित रूप से उपयोग शुरू कर दिया है। यह जानकारी मीडिया रिपोर्ट में पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) से जुड़े सूत्रों के हवाले से सामने आई है।
एसटीएफ ने हाल ही में जैश-ए-मोहम्मद से कथित रूप से जुड़े संदिग्ध हमीम मंडल और उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, दोनों के पाकिस्तान स्थित कथित आतंकी-अपराधी नेटवर्क शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) से भी संबंध होने की बात सामने आई है। हमीम मंडल को पूर्वी बर्दवान जिले के बर्दवान शहर से गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान उसके पास से मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के दैनिक कार्यक्रम और आवाजाही से जुड़े कुछ दस्तावेज मिलने का दावा किया गया है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने रविवार शाम से नई बुलेटप्रूफ गाड़ी का उपयोग शुरू कर दिया। उन्होंने पूर्वी मिदनापुर जिले के कांथी स्थित अपने पैतृक निवास से कोलकाता तक की यात्रा इसी वाहन से की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस वर्ष की शुरुआत में मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद से ही उनके काफिले में एक बुलेटप्रूफ वाहन शामिल कर दिया गया था। हालांकि, मुख्यमंत्री आम लोगों से सहज संपर्क बनाए रखने के उद्देश्य से सामान्य वाहन में यात्रा करना अधिक पसंद करते थे। लेकिन मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों और संभावित खतरे को देखते हुए अधिकारियों ने उन्हें बुलेटप्रूफ वाहन का नियमित उपयोग करने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि 6 मई को मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी कार को रोककर नजदीक से फायरिंग की थी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाने की सिफारिश की थी।

