-बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड से सैकड़ों यात्री फंसे, अंबाला में घरों में घुसा पानी
नई दिल्ली | देशभर में बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बिहार और पश्चिम बंगाल में सोमवार को बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। 14 घायल हुए हैं। मरने वालों में बिहार के अलग-अलग जिलों के 7 और बंगाल के हावड़ा के 4 लोग शामिल हैं। उत्तराखंड के चमोली में बद्रीनाथ हाईवे पर लैंडस्लाइड हुई। सड़क पर पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बाधित हो गया। इसके कारण करीब 200 यात्री फंस गए। हरियाणा के अंबाला और झज्जर में रात भर बारिश हुई। इससे सड़कें तालाब बन गईं। दुकानों में पानी घुस गया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यूपी के आगरा में रात 1 बजे से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। कई इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भरा है। स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। बाराबंकी में दो घंटे की तेज बारिश से बस स्टेशन पर पानी भर गया। ऋषिकेश में गंगा वॉर्निंग लेवल के पास पहुंच गई है, जिससे एसडीआरएफ की घाटों पर तैनाती बढ़ा दी है। आरती घाट डूब गए हैं। लोगों को दूर रहने की अपील की जा रही है। पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में सोमवार को अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 घायल हुए।
बात दें जगतबल्लवपुर में खेतों में काम कर रहे लोगों पर बिजली गिरने से 2 किसानों की मौके पर मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं आमता में तालाब पर हाथ-पैर धो रहे 35 साल के एक किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई। बगनान के कटापुकुर में खेत में काम कर रहे एक अन्य किसान की भी बिजली की चपेट में आने से जान चली गई।

