हल्द्वानी में मंच शुद्धिकरण पर मचा सियासी घमासान

देश-विदेश

राहुल गांधी ने भाजपा-आरएसएस पर साधा निशाना
नई दिल्ली । हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर भाजपा और आरएसएस पर मनुवादी सोच को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसी मानसिकता में व्यक्ति की हैसियत उसके जन्म से तय की जाती है, जबकि देश का संविधान समानता और इंसानियत की बात करता है। कांग्रेस ने भी मामले के विरोध में 14 अगस्त को देशभर के जिला मुख्यालयों पर मार्च और सत्याग्रह का ऐलान किया है।
राहुल गांधी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह सोच आज भी समाज में मौजूद है और इंसान की पहचान उसके जन्म के आधार पर तय करने की कोशिश करती है। उन्होंने मंच के शुद्धिकरण की घटना को इसी मानसिकता से जोड़ते हुए भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा।
इससे पहले खड़गे ने राज्यसभा में हल्द्वानी की घटना का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित किया था। उनके मुताबिक, भाषण के दौरान उन्होंने किसी जाति या धर्म का नाम नहीं लिया और केवल लोगों की समस्याओं को सामने रखा। खड़गे का आरोप है कि उनके भाषण के बाद कुछ लोगों ने हवन कर मंच का शुद्धिकरण किया। खड़गे ने कहा कि वे अनुसूचित जाति से आते हैं और लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में हैं, लेकिन कभी किसी के सामने अपने सम्मान या सुरक्षा के लिए नहीं झुके। उन्होंने मंच का शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा कि अगर खड़गे की भावनाएं आहत हुई हैं तो यह केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए चिंता की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी गतिविधि का समर्थन नहीं किया जाता और मामले की जांच के बाद दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करने की अपील की। मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के बाबू जगजीवन राम के बाद दूसरे दलित अध्यक्ष हैं। वे कर्नाटक से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने के बाद कई बार विधायक रहे। इसके बाद लोकसभा और राज्यसभा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। 2022 में वे कांग्रेस अध्यक्ष चुने गए।