पीएम मोदी ने देश के विभाजन का दर्द झेलने वालों को याद कर किया नमन

ताज़ा खबर देश-विदेश

नई दिल्ली । पीएम नरेन्द्र मोदी ने 14 अगस्त 1947 में हुए देश के विभाजन के पीड़ितों को शुक्रवार को याद किया। केंद्र सरकार देश के विभाजन के बाद हुए दंगों और बड़े पैमाने पर लोगों के विस्थापन के दौरान जान गंवाने वालों की स्मृति में 2021 से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मना रही है। पीएम मोदी ने एक्स पर कहा कि आज हम ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मना रहे हैं।
हम विभाजन से प्रभावित सभी लोगों के साहस को याद करते हैं। यह इतिहास का एक ऐसा क्षण था, जिसने कई जिंदगियां तबाह कर दीं। कई परिवार उजड़ गए, कई लोगों को अपनों को खोना पड़ा और लोगों ने अत्यधिक पीड़ा झेली। पीएम मोदी ने कहा कि इस उथल-पुथल के बावजूद लोगों ने शून्य से अपना जीवन फिर खड़ा किया, विपरीत परिस्थितियों को उपलब्धियों में बदला और राष्ट्र की प्रगति में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि इन लोगों का जीवन सभी को मानवीय जिजीविषा की शक्ति की याद दिलाता है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पीएम ने कहा कि यह दिन हमारे देश में सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने और ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में सामूहिक रूप से काम करने के हमारे संकल्प को और मजबूत करे। उन्होंने कहा कि आइए, हम सद्भावना और एकता की राष्ट्रीय भावना को और सुदृढ़ करें। भारत शनिवार को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।