अड़ीवी ने नन्ही फैन कीर्ति दी श्रद्धांजलि 

मनोरंजन

अभिनेता अड़ीवी शेष के लिए कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जो फिल्मों और स्क्रीन की दुनिया से कहीं आगे जाकर दिल में हमेशा के लिए बस जाते हैं। ऐसा ही एक खास रिश्ता उनकी नन्ही फैन कीर्ति के साथ था। कीर्ति को सिर्फ चार साल की उम्र में कैंसर का पता चला था। इसके बाद उन्हें बहुत कठिन इलाज से गुज़रना पड़ा। उन्होंने कीमोथेरेपी के चार दौर, इम्यूनोथेरेपी और दो बोन मैरो ट्रांसप्लांट कराए। इलाज के बावजूद उनका कैंसर चार बार वापस आया, जिसमें कीमोथेरेपी और ट्रांसप्लांट के कुछ समय बाद भी बीमारी दोबारा लौट आई थी। इस कठिन सफर के दौरान कीर्ति ने अदिवि शेष की फिल्म मेजर देखी। फिल्म देखने के बाद उनका अड़ीवी शेष से एक खास जुड़ाव बन गया और वह प्यार से उन्हें “संदीप मामा” कहने लगीं। 

कई सालों तक इलाज और लगातार दर्द से जूझने के बाद कीर्ति ने आठ साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लेकिन उनके माता-पिता चाहते थे कि उनकी बेटी की कहानी सिर्फ बीमारी और दुख की कहानी बनकर न रह जाए। उन्होंने अपनी बेटी की यादों और अपने पूरे सफर को “थम्ब-सकिंग” नाम की किताब में लिखा है। खास बात यह है कि “थम्ब-सकिंग” सिर्फ दर्द और बीमारी की कहानी नहीं है। यह किताब परिवार की हिम्मत और उम्मीद को भी सामने लाती है। 

17 अगस्त को कीर्ति के जन्मदिन के मौके पर अड़ीवी शेष ने उनकी किताब की सैकड़ों प्रतियां मंगवाईं। उनका मकसद कीर्ति की कहानी को ज़्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है, ताकि लोग उनके जीवन और उनके सफर के बारे में जान सकें।