भाजपा के खिलाफ सीधी लड़ाई लड़ रहे राहुल गांधी, बाकी सब सहयोगी

ताज़ा खबर देश-विदेश राजनीति

-अखिलेश के बयान पर इमरान मसूद की प्रतिक्रिया
लखनऊ । कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने समाज वादी पार्टी प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें अखिलेश ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ मुख्य मुकाबले को सपा बनाम भाजपा बताया था। कांग्रेस सांसद मसूद ने साफ किया कि देश में भाजपा के खिलाफ वैचारिक लड़ाई का नेतृत्व राहुल गांधी कर रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दूसरी विचारधारा का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि यह देश के बदलाव की लड़ाई है और इसमें सभी दल सहयोगी की भूमिका में हैं, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व राहुल गांधी ही कर रहे है। उनका कहना था कि सब सहयोगी हैं, सब साथ में चल रहे हैं, लेकिन लड़ाई राहुल गांधी के नेतृत्व में ही लड़ी जा रही है।
कांग्रेस नेता मसूद ने अखिलेश के जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को निजी हाथों में सौंपने के आरोपों का समर्थन कर कहा कि यह सरकार पुरानी संपत्तियों को बेचने और देश को ठेका पर चलाने में लगी है। उन्होंने नौकरियों में आरक्षण से बचने के लिए ठेका पर भर्ती को बढ़ावा देने की योगी सरकार की मंशा पर सवाल उठाया, संयुक्त सचिव स्तर पर भी संविदा भर्ती का हवाला दिया। जेन-जी को टैबलेट देने के योगी सरकार के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ लुभाना है, जबकि पिछले पांच साल में आईआईटी के 70 छात्रों की आत्महत्याएं देश की गंभीर स्थिति दिखाती हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट के हिजाब को यूनिफॉर्म का हिस्सा न मानने के फैसले पर मसूद ने कहा कि इस फैसले को धर्म के बजाय संस्कृति के नजरिए से देखा जाना चाहिए, क्योंकि सिर ढकना भारतीय संस्कृति का हिस्सा है। उन्होंने भाजपा सांसद कंगना रनौत द्वारा कृति सेनन के रक्षाबंधन विज्ञापन की आलोचना पर भी टिप्पणी करते हुए कंगना पर दूसरों के कपड़ों पर अनावश्यक टिप्पणी करने का आरोप लगाया, जबकि उन्हें खुद के पहनावे पर ध्यान देना चाहिए।