काठमांडू । कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर अपनी बेजोड़ अंग्रेजी के लिए जाने जाते हैं, जिसके चलते अक्सर अच्छे-अच्छों को उनके सामने डिक्शनरी खोलनी पड़ जाती है। लेकिन हाल ही में नेपाल की राजधानी काठमांडू में उनका सामना अपने की तरह के एक धुरंधर से हुआ, जिन्हें नेपाल का शशि थरूर कहा जाता है। ये कोई और नहीं बल्कि नेपाल के जाने-माने अर्थशास्त्री और वित्त मंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले हैं। एक कार्यक्रम के दौरान इन दोनों दिग्गजों के बीच शब्दों का एक ऐसा दिलचस्प शास्त्रार्थ हुआ, जिसने इंटरनेट पर खूब सुर्खियां बटोरीं और सुनने वालों को अपनी डिक्शनरी खोलने पर मजबूर किया।
काठमांडू में मंच पर जब भारतीय नेता थरूर और नेपाल के थरूर आमने-सामने आए, तब माहौल रोमांचक हो गया। डॉ. वाग्ले ने बताया कि वह शशि थरूर को वर्षों से जानते हैं और उनकी प्रशंसा करते हैं। बातचीत के दौरान वाग्ले ने ग्रैंड लार्सनी (बहुत बड़ी चोरी) शब्द का इस्तेमाल किया, जिस पर थरूर ने चुटकी लेकर कहा कि यह शब्द विपक्ष के नेता से ज़्यादा वित्त मंत्री को शोभा देता है।
इसके जवाब में शशि थरूर ने अपने तरकश से एक और भारी-भरकम शब्द निकाला डिफेनेस्ट्रेट (किसी को खिड़की से बाहर फेंकना)। थरूर ने मजाकिया अंदाज़ में वाग्ले से कहा, आपने पूर्व प्रधानमंत्री को डिफेनेस्ट्रेट किया, जिस पर दर्शक और वाग्ले दोनों हंस पड़े। इसके बाद दोनों ने जर्मन शब्द शैडेनफ्रॉयड पर अपनी विद्वत्ता दिखाई, जिसका अर्थ है किसी दूसरे की बुरी स्थिति पर मिलने वाली खुशी। वाग्ले ने कहा कि शायद अंग्रेजी में इसका कोई सटीक पर्याय नहीं है, लेकिन थरूर ने तुरंत सुधारते हुए बताया कि शैडेनफ्रॉयड के लिए अंग्रेजी में एक शब्द है: एपिकैरिकेसी। उन्होंने यह भी समझाया कि अंग्रेज खुद इस शब्द का इस्तेमाल कम करते हैं और अक्सर जर्मन या फ्रेंच शब्दों को तरजीह देते हैं, क्योंकि वे कभी-कभी अंग्रेजी शब्दों की तुलना में ज्यादा आसानी से याद आ जाते हैं। इस मजेदार बातचीत ने साबित किया कि अंग्रेजी के ये दोनों महारथी अपनी भाषा पर कितनी गहरी पकड़ रखते हैं।

