पीएम पद के लिए जेन-जी की पहली पसंद पीएम मोदी
नई दिल्ली । अगर आज देश में लोकसभा चुनाव होते हैं, तब केंद्र में किसकी सरकार बनेगी? प्रधानमंत्री पद के लिए जनता की पहली पसंद कौन है? इन महत्वपूर्ण सवालों का जवाब एक ताजा सर्वे में सामने आया है, जिसके मुताबिक फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) केंद्र में सरकार बना सकता है।
सर्वेक्षण के अनुसार, लोकसभा चुनाव होने पर एनडीए को 326 सीटें मिलने का अनुमान है, जो बहुमत के आंकड़े से कहीं ज्यादा है। वहीं, इंडिया ब्लॉक को 185 सीटें और अन्य दलों के खाते में 32 सीटें जा सकती हैं। वोट शेयर के हिसाब से एनडीए को 45 फीसदी, इंडिया ब्लॉक को 39 फीसदी और अन्य को 16 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। सिर्फ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को 261 सीटें, जबकि कांग्रेस को 106 सीटें मिलने का अनुमान जाहिर किया गया है।
वहीं जेन-जी के बीच हुए इस सर्वें में प्रधानमंत्री पद के लिए जनता की पहली पसंद अभी भी नरेंद्र मोदी बने हुए हैं, उन्हें 49 प्रतिशत लोगों ने सबसे अच्छा विकल्प बताया। राहुल गांधी को 27 प्रतिशत और तमिलनाडु के नेता सी.जोसेफ विजय को 9 प्रतिशत लोगों का समर्थन मिला। प्रधानमंत्री मोदी के कामकाज को लेकर भी सकारात्मक राय सामने आई है, जहां 51 प्रतिशत लोगों ने उनके प्रदर्शन को अच्छा बताया। एनडीए सरकार के समग्र प्रदर्शन पर संतुष्टि अगस्त 2026 में 50 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि 29 प्रतिशत लोग असंतुष्ट दिखे।
देश के विभिन्न राज्यों में भी सियासी समीकरणों का आकलन हुआ है। उत्तर प्रदेश में इंडिया ब्लॉक को 41 और एनडीए को 38 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि महाराष्ट्र में एनडीए को 31 और इंडिया ब्लॉक को 17 सीटें मिल सकती हैं। पश्चिम बंगाल में एनडीए को 35 सीटों के साथ बढ़त मिलने की संभावना है। महत्वपूर्ण नीतिगत मुद्दों पर भी जनता की राय स्पष्ट है। एक देश, एक चुनाव के विचार को 70 प्रतिशत लोगों का भारी समर्थन मिला है, जबकि 65 प्रतिशत लोग दलबदल विरोधी कानून को और मजबूत करने के पक्ष में हैं। राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड को लेकर 47 प्रतिशत लोगों ने केंद्र और राज्य दोनों सरकारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की बात कही है।
यह सर्वेक्षण देश के सभी राज्यों और लोकसभा क्षेत्रों में 1 जुलाई 2026 से 25 अगस्त 2026 के बीच 25,184 वयस्कों की राय और पिछले 24 हफ्तों में 91,795 लोगों से ली गई राय के विश्लेषण पर आधारित है। कुल 1,16,644 लोगों की राय का निचोड़ लेकर यह रिपोर्ट तैयार की गई है, जिसमें 3 से 5 प्रतिशत तक के मार्जिन ऑफ एरर की संभावना है।

