-ड्राइवर को नींद की झपकी लगने से हुआ हादसा, 36 यात्रियों से भरी थी बस
बेंगलुरु । बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक निजी बस सड़क किनारे लगी रेलिंग से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, बस में कुल 36 यात्री सवार थे और यह केरल से बेंगलुरु की ओर जा रही थी। हादसा सुबह के समय हुआ, जब बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को नींद की झपकी लग गई थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। नियंत्रण खोने के बाद बस करीब 100 मीटर तक रेलिंग से रगड़ती चली गई, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में लापरवाही के तहत केस दर्ज कर बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।

