स्पाइसजेट ही नहीं एयरएशिया भी लागत दबाव, महंगे एविएशन फ्यूल से जूझ रही

ताज़ा खबर देश-विदेश

26,000 कर्मचारी को अब पांच महीने तक माह के आखिरी दिन मिलेगी सैलरी
नई दिल्ली । स्पाइसजेट के अलावा एक और एयरलाइन आर्थिक संकट से जूझ रही है। दक्षिण-पूर्व एशिया की सबसे बड़ी बजट एयरलाइन एयरएशिया नवंबर से मार्च तक कर्मचारियों के वेतन भुगतान की समय-सीमा को महीने के अंत में खिसकाने जा रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक यह कदम बढ़ते लागत दबाव, महंगे एविएशन फ्यूल और विदेशी मुद्रा नुकसान के बीच नकदी बचाने की कवायद का हिस्सा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पूरे एशिया में एयरएशिया के साथ करीब 26,000 कर्मचारी जुड़े हैं, जिनकी सैलरी अगले पांच महीने तक महीने के आखिरी दिन देने का फैसला लिया गया है यानी एक महीने तक सैलरी का इंतजार करना होगा। नवंबर की सैलरी दिसंबर के आखिर में मिलेगी। आंतरिक ईमेल के मुताबिक मलेशिया स्थित कर्मचारियों को आमतौर पर 15 तारीख के बाद वेतन मिलता था, लेकिन इस पांच महीने की अवधि में उन्हें हर महीने की 30 तारीख या 28 फरवरी के अंतिम दिन वेतन दिया जाएगा। यह ईमेल पिछले हफ्ते के अंत में चीफ पीपल ऑफिसर ने भेजा था।
उन्होंने इस बदलाव को चुनौतीपूर्ण माहौल और विमान ईंधन की ऊंची कीमतों के कारण उठाया गया एक अस्थाई उपाय बताया। उन्होंने कर्मचारियों से धैर्य रखने और सहयोग की अपील की है, इस रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए एयरएशिया ग्रुप के सीईओ ने कहा कि यह कदम आंतरिक वेतन प्रक्रियाओं के तालमेल के लिए है और इससे कर्मचारियों के कुल वेतन के हक में कोई कटौती नहीं की जाएगी उन्हें पूरा वेतन दिया जाएगा। ग्रुप के अंदर अन्य हिस्सों में भी लागत घटाने का दबाव दिख रहा है। एयरएशिया फिलीपींस अपने कार्यबल में कटौती कर रही है। 26 नवंबर को 90 पायलटों की छंटनी किए जाने के बाद एयरएशिया फिलीपींस पायलट यूनियन ने हड़ताल का नोटिस भी दाखिल कर दिया है। बता दें एयरएशिया इस पांच महीने की अवधि में वेतन चक्र को आगे बढ़ाकर और लागत पर नियंत्रण रखकर अपने वित्तीय दबाव को संभालने की कोशिश कर रही है, जबकि समूह के अंदर परिचालन और कर्मचारी स्तर पर चुनौतियां बनी हुई हैं।