स्टाइपेंड की मांग को लेकर सीएम हाऊस घेरने जा रहे इंटर्न डॉक्टर्स की पुलिस से झड़प

मध्य प्रदेश

राजधानी भोपाल के हमीदिया अस्पताल के इंटर्न डॉक्टर्स ने अपने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर सीएम हाऊस की ओर पैदल मार्च निकालने का प्रयास किया। पूर्व नियोजित कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा को लेकर पहले से ही पूरी तैयारी कर रखी थी। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। साथ ही महिला पुलिस और किसी भी स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिये पुलिस की अन्य टीमें भी तैनात थी। बड़ी संख्या में इंटर्न डॉक्टर्स हमीदिया अस्पताल से पैदल निकले जिन्हें पुलिस बल द्वारा हमीदिया के गेट पर ही बैरिकेटिंग कर रोक दिया गया। इस डॉक्टरो और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई, हालत को काबू में करने के लिये पुलिस ने वाटर कैनन चलाया। इस दौरान पुलिस और इंटर्न डॉक्टर्स के बीच मामूली झड़प हुई। वाटर कैनन की चपेट में आने से एक छात्र को चोट लगी है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारी हंगामें के बीच इंटर्न डॉक्टर अपनी मांगो को लेकर हमीदिया अस्पताल के गेट के सामने सड़क पर ही धरने पर बैठ गये। मोके पर पुलिस अफसरो के साथ भारी पुलिस बल मौजूद रहा। प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरो का कहना है की वर्तमान में उन्हें हर महीने 14,337 का स्टाइपेंड मिल रहा है, इसे बढ़ाकर कम से कम 30 हजार प्रतिमाह किया जाए। पू्र्व में सरकार ने स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर सिर्फ मौखिक आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई आदेश नहीं आया। इसके बाद अपनी मांग रखने के लिये उन्होनें मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च निकालने का फैसला लिया। इंटर्न डॉक्टरो का आरोप है की वे सीएम मुख्यमंत्री निवास जाकर मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उनके सामने पूरी तैयारी के साथ भारी पुलिस बल खड़ा कर दिया। हमारा आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है, लेकिन पैदल मार्च रोकने के लिए पुलिस ने अस्पताल परिसर की घेराबंदी कर दी थी। इसी दौरान कुछ इंटर्न डॉक्टर्स ने हमीदिया अस्पताल का गेट और बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद वे बाहर निकलकर फतेहगढ़ की मुख्य सड़क पर पहुंच गए। सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। कुछ छात्र गेट तोड़कर बाहर निकलते हुए भी दिखाई दिए। विरोध पर उतरे इंटर्न डॉक्टरों का कहना है, कि वे लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्टाइपेंड बढ़ाने का आधिकारिक लिखित आदेश चाहिए। जब तक मुख्यमंत्री स्टाइपेंड बढ़ाने का लिखित आदेश नहीं देते, तब तक इंटर्न डॉक्टर हमीदिया अस्पताल परिसर में ही बैठे रहेंगे। वहीं डॉक्टरो के प्रदर्शन के कारण पुलिस ने हमीदिया अस्पताल की और आने वाले सभी रास्तो को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया, जिससे पीर गेट, इमामी गेट, रॉयल मार्केट, मोतिया तालाब वाली सड़क, चौकी इमाम बाड़ा, सिंधी मार्केट, वीआईपी रोड पर वाहनो का जाम लग गया और इन रास्तो के साथ ही आसपास की गलियों से गुजरने वाले छोटे रास्तो पर भी वाहन चालको को परेशानियो का सामना करना पड़ा।