‘नमो कमलम’ के लोकार्पण के दौरान दिखा भावुक पल, बच्ची से मिलने मंच से उतरकर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
नवसारी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवसारी में भारतीय जनता पार्टी के अत्याधुनिक ‘नमो कमलम’ कार्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी का नन्ही बच्चियों के प्रति आत्मीय अंदाज भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना।
‘नमो कमलम’ की ओर जाते समय प्रधानमंत्री मोदी का छोटी बच्चियों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इनमें एक बच्ची भारत माता के वेश में नजर आई। बच्ची को देखते ही प्रधानमंत्री मोदी काफी खुश हुए और उससे मिलने के लिए मंच से नीचे पहुंच गए। उन्होंने दोनों बच्चियों से आत्मीयता से बातचीत की और उनका हालचाल जाना।
इस दौरान सूरत की नन्ही जेनीफर पटेल ने प्रधानमंत्री मोदी से बेहद मासूम अंदाज में कहा, “मैं जेन-जी नहीं, मां दुर्गा हूं। आप मेरे इंडिया की रक्षा करना।” बच्ची की यह भावुक और मासूम बात सुनकर प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुरा दिए। उन्होंने बच्ची की बात का जवाब देते हुए कहा, “श्योर।”
प्रधानमंत्री से बातचीत के बाद जेनीफर भी बेहद खुश नजर आई। मीडिया से बातचीत में उसने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की खुशी जाहिर की और उन्हें प्यार से ‘मोदी दादा’ कहकर संबोधित किया।
नवसारी में करीब 40 हजार वर्गफुट क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से ‘नमो कमलम’ कार्यालय तैयार किया गया है। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस कार्यालय में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ-साथ भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी विभिन्न आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
भाजपा की ओर से प्रयास किया गया है कि नवसारी का यह ‘नमो कमलम’ पूरे देश के भाजपा संगठन के लिए एक मॉडल कार्यालय के रूप में पहचान बनाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों कार्यालय का लोकार्पण होने से नवसारी भाजपा में भी उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।

