एआई से लैस हाईटेक ‘नमो कमलम’ कार्यालय का किया उद्घाटन, कार्यकर्ताओं से बोले- हर नागरिक की सेवा हमारा संकल्प, रेहड़ी-पटरी वालों के लिए सरकारी योजनाओं का जिक्र, तंबाकू-गुटखा की आदत छोड़ने की भी दी नसीहत
नवसारी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात के दौरे पर रहे। वडोदरा की यात्रा के बाद शाम को नवसारी पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा के एआई तकनीक से सुसज्जित हाईटेक कार्यालय ‘नमो कमलम’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए स्वच्छता, टीबी उन्मूलन और सरकारी योजनाओं के प्रभाव सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी।
प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलना उनके लिए हमेशा यादगार अवसर होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवसारी के नए कार्यालय में बैठने वाले कार्यकर्ता पूरे जिले को एक परिवार की तरह देखेंगे और नए उत्साह व जोश के साथ जनता की सेवा के लिए काम करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा भाव के साथ काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि हर नागरिक का हम पर अधिकार है और हमें उनका विनम्र सेवक बनकर काम करना है।
प्रधानमंत्री ने नवसारी जिले को टीबी मुक्त बनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीबी कोई ऐसी बीमारी नहीं है जिसे ठीक नहीं किया जा सकता। यदि मरीज की लगातार छह महीने तक उचित देखभाल की जाए तो वह टीबी से मुक्त हो सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत पूरी दुनिया में टीबी मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में यदि नवसारी का प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता यह संकल्प ले कि ‘हम नवसारी को टीबी मुक्त करके रहेंगे’, तो यह आने वाली पीढ़ियों के कल्याण की दिशा में बड़ा योगदान होगा।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में रेहड़ी-पटरी और लारी-गल्ला चलाने वाले लोगों की आर्थिक परेशानियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि पहले छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों को कारोबार के लिए निजी स्तर पर ब्याज पर पैसा लेना पड़ता था। इससे उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा ब्याज चुकाने में चला जाता था।
उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे लोगों की ईमानदारी पर भरोसा करते हुए बिना गारंटी बैंकिंग और डिजिटल भुगतान की व्यवस्था को बढ़ावा दिया। पीएम मोदी ने बताया कि कई रेहड़ी-पटरी वालों को पहले 15 हजार रुपये का ऋण मिला और समय पर भुगतान करने पर बाद में 30 हजार और 50 हजार रुपये तक की ऋण सुविधा उपलब्ध हुई।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं ने कई लोगों की जिंदगी बदलने का काम किया है। पहले जहां रेहड़ी-पटरी वाले केवल एक दिन का सामान खरीदते थे, वहीं अब कई लोग सप्ताह भर का माल खरीदने की स्थिति में हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि नवसारी में कोई भी पात्र रेहड़ी-पटरी वाला सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
स्वच्छता को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने नवसारीवासियों से विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि सावन में भगवान शिव की पूजा के बाद गणपति उत्सव, नवरात्रि और फिर दीपावली जैसे त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में यदि पूरा क्षेत्र स्वच्छ रहेगा तो त्योहारों की सुंदरता और भी बढ़ जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है। सफाईकर्मी अपना काम कर रहे हैं, लेकिन गंदगी न करने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने को कहा कि वे स्वयं गंदगी नहीं करेंगे और दूसरों को भी गंदगी करने से रोकेंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि यदि लोग गंदगी करना ही बंद कर दें तो बार-बार स्वच्छता अभियान चलाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। उन्होंने नवसारी को स्वच्छ रखने के लिए इसे सामूहिक जिम्मेदारी बनाने की अपील की।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में गुटखा और तंबाकू की आदत को लेकर भी लोगों को आगाह किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुटखा खाकर थूकने से गंदगी फैलती है और स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने लोगों से गुटखा और तंबाकू छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि कैंसर के डॉक्टर भी ऐसी आदतों से दूर रहने की सलाह देते हैं। प्रधानमंत्री ने नवसारीवासियों से स्वच्छता के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का भी आह्वान किया।

