अवैध विदेशी मदिरा परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार

इंदौर

:: स्कूटर से ले जाई जा रही 12 बोतल रॉकफोर्ड व्हिस्की जब्त, 1.36 लाख का माल सीज ::
इंदौर । नगर में अवैध शराब कारोबार पर चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूटर से अवैध रूप से परिवहन की जा रही विदेशी मदिरा की खेप पकड़ी है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 बोतल रॉकफोर्ड व्हिस्की (लगभग 9 बल्क लीटर) जब्त की गई, जिसका कुल बाजार मूल्य करीब 1.36 लाख रुपये आंका गया है।
कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशानुसार एवं सहायक आबकारी आयुक्त अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कंट्रोलर देवेश चतुर्वेदी एवं डिप्टी कंट्रोलर मनोज अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए नगर निगम कार्यालय के पीछे एक संदिग्ध दोपहिया वाहन को रोका। वाहन क्रमांक एमपी 09 एयू 4449 (जुपिटर स्कूटर) की तलाशी लेने पर उसमें अवैध रूप से परिवहन की जा रही विदेशी मदिरा बरामद हुई। जांच में कुल 12 बोतल रॉकफोर्ड व्हिस्की (लगभग 9 बल्क लीटर) पाई गईं, जिन्हें बिना वैध अनुमति के परिवहन किया जा रहा था। मौके पर पूरी मदिरा को विधिवत जब्त कर आबकारी विभाग के कब्जे में लिया गया।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी सी.के. साहू एवं वृत्त-भोई मोहल्ला की उप-निरीक्षक त्रिअंबिका शर्मा सहित टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आरोपी प्रवीण पिता कैलाश अलोने एवं रोहित पिता तेरसिंह के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग द्वारा मामले की आगे विवेचना जारी है।