एकतानगर पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता ने सरदार पटेल को दी पुष्पांजलि, व्यूइंग गैलरी से निहारा नर्मदा, पर्वतमालाओं और सरदार सरोवर डैम का भव्य नजारा
नर्मदा । बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता कार्तिक आर्यन ने गुजरात के एकतानगर पहुंचकर विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दीदार किया। एकतानगर पहुंचने पर उन्होंने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर और आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों तथा पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
कार्तिक आर्यन ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की व्यूइंग गैलरी का भी दौरा किया। यहां से उन्होंने नर्मदा नदी, सातपुड़ा और विंध्याचल की पर्वत श्रृंखलाओं के साथ-साथ सरदार सरोवर बांध के मनमोहक दृश्य का आनंद लिया। प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यटन सुविधाओं को देखकर अभिनेता खासे प्रभावित नजर आए। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा के अनुभव को साझा करते हुए कार्तिक आर्यन ने कहा कि विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा को देखकर गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की यात्रा जरूर करनी चाहिए।
कार्तिक आर्यन की एकतानगर यात्रा का एक खास आकर्षण स्थानीय आदिवासी लोकसंस्कृति से उनका जुड़ाव रहा। उन्होंने नानी देवड़पण के होली और राठवा आदिवासी नृत्य में भी सहभागिता की। पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्य की प्रस्तुति के बीच कार्तिक आर्यन की भागीदारी ने माहौल को और खास बना दिया। उन्होंने स्थानीय आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की झलक भी देखी।
इस दौरान कार्तिक आर्यन ने अपने फिल्मी करियर में मिले पहले राष्ट्रीय पुरस्कार को लेकर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि पहला राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना उनके लिए गर्व की बात है। कार्तिक आर्यन की यात्रा के दौरान स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र के सीईओ अमित अरोरा ने उनका स्वागत और सम्मान किया। उन्होंने अभिनेता को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कार्तिक आर्यन को एकतानगर में पर्यटन विकास के तहत विकसित विभिन्न सुविधाओं और आकर्षणों की जानकारी भी दी गई।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, प्राकृतिक सौंदर्य, आदिवासी लोकसंस्कृति और आधुनिक पर्यटन सुविधाओं से रूबरू होने के बाद कार्तिक आर्यन की एकतानगर यात्रा यादगार बन गई।

