:: जीआईएस-2027 में शामिल होने का आमंत्रण; फूड प्रोसेसिंग, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मा और रिन्यूएबल एनर्जी में निवेश पर चर्चा ::
इंदौर । मध्यप्रदेश ने शारजाह की कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को यूएई में आयोजित एनुअल इन्वेस्टमेंट मीटिंग (एआईएम कांग्रेस-2026) के दौरान शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं एक्सपो सेंटर के चेयरमैन अब्दल्ला सुल्तान अल ओवैस से मुलाकात की। इस दौरान मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच व्यापारिक संबंध मजबूत करने तथा निवेश के नए अवसरों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने शारजाह के व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल को अगले वर्ष होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस-2027) में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
मुख्यमंत्री ने शारजाह चैंबर से उच्चस्तरीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल को मध्यप्रदेश लाने का आग्रह किया। दोनों क्षेत्रों के उद्यमियों के बीच सेक्टर आधारित बी-2-बी बैठकें आयोजित करने के लिए ‘मध्यप्रदेश-शारजाह बिजनेस फोरम’ बनाने का प्रस्ताव भी रखा। साथ ही प्रदेश के एमएसएमई और निर्यातकों को खाड़ी देशों के खरीदारों और वितरकों से जोड़ने में सहयोग मांगा।
:: सात क्षेत्रों में निवेश के अवसर ::
शारजाह की कंपनियों को मध्यप्रदेश के फूड पार्क, कोल्ड चेन, लॉजिस्टिक्स, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, रिन्यूएबल एनर्जी और पर्यटन परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की केंद्रीय भौगोलिक स्थिति, औद्योगिक लैंड बैंक, कनेक्टिविटी और निवेश-अनुकूल नीतियों को प्रमुख ताकत बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य की सिंगल-विंडो व्यवस्था और उद्योग-अनुकूल वातावरण निवेशकों को सहयोग उपलब्ध कराते हैं। शारजाह के व्यापारिक नेटवर्क के माध्यम से मध्यप्रदेश के उत्पादों के निर्यात, कौशल विकास, रोजगार और तकनीकी हस्तांतरण की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
:: शारजाह के विकास मॉडल की जानकारी ली ::
मुख्यमंत्री ने शारजाह की विकास यात्रा की जानकारी भी ली। अल ओवैस ने शारजाह चैंबर के एग्जीबिशन हॉल में प्रदर्शनी के माध्यम से वर्ष 1974 से अब तक शारजाह के विकास की यात्रा से उन्हें अवगत कराया।

