भोपाल । राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने गुरुवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति पद की शपथ दिलाई। न्यायमूर्ति कोगजे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधिपति बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के बाद राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने न्यायमूर्ति कोगजे को पुष्प-गुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने समारोह का संचालन किया तथा राष्ट्रपति द्वारा न्यायमूर्ति कोगजे की मुख्य न्यायाधिपति पद पर नियुक्ति संबंधी अधिसूचना का वाचन किया।
समारोह का प्रारंभ और समापन क्रमश: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं राजेंद्र शुक्ल, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, भोपाल महापौर मालती राय, मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी सहित उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण, रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, सांसद और विधायक उपस्थित रहे। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना सहित विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।

