संत रविदास ने धर्म के साथ कर्म को दिया महत्व

मध्य प्रदेश

भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने अपने जीवन में धर्म के साथ कर्म को भी प्रधानता दी। उनके उपदेश आज भी समाज को मार्गदर्शन देते हैं। मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से रायसेन में संत रविदास की मूर्ति स्थापना समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर और यात्राएं आयोजित की जा रही हैं। यह अभियान जुलाई से शुरू होकर फरवरी तक चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवा, महिला, गरीब और किसान वर्ग के कल्याण के साथ सामाजिक समरसता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डॉ. यादव ने संत रविदास के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की, जहां सभी को अन्न मिले और छोटा-बड़ा सभी समान रूप से रहें। उन्होंने ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ के माध्यम से शुद्ध भावना और कर्म की महत्ता बताई।
मुख्यमंत्री ने रायसेन में निकाली गई समरसता यात्रा और आयोजित समरसता भोज की सराहना की। पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने बताया कि संत रविदास की प्रतिमा स्थापित हो चुकी है और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना का कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने अंबेडकर प्रतिमा के लिए राज्य शासन से 25 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की।