ड्रेनेज कार्य का तत्काल रेस्टोरेशन कर झांकी मार्ग सुगम बनाने के दिए निर्देश
इन्दौर अनंत चतुर्दशी झांकी चल समारोह की तैयारियों को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने जेल रोड सहित प्रमुख झांकी मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे ड्रेनेज पाइपलाइन कार्य का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल,एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, अश्विनी शुक्ला, नंदकिशोर पहाड़िया, अभिषेक शर्मा बबलू, मनीष शर्मा मामा, सुरेश टाकलकर सहित निगम के अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि जेल रोड झांकी चल समारोह का प्रमुख मार्ग है। क्षेत्र में लंबे समय से बनी गंदे पानी की समस्या के समाधान के लिए बड़ी ड्रेनेज लाइन का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि झांकी समारोह को देखते हुए आवश्यक कार्य पूरा कर शेष हिस्से का तत्काल रेस्टोरेशन किया जाए, ताकि झांकियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अनंत चतुर्दशी के बाद शेष ड्रेनेज कार्य पुनः शुरू कर महत्वपूर्ण परियोजना को पूर्ण किया जाएगा।

