::पलक काशिव की संदिग्ध मौत मामला::
इन्दौर | दो दिन पहले किचन में जलने से हुई छब्बीस वर्षीय युवती पलक काशिव की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने दतिया से उसके प्रेमी को उसकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामला खजराना थाना क्षेत्र का है और पलक काशिव मूलतः हरदा जिले के टिमरनी की रहने वाली थी तथा यहां इन्दौर में तपेश्वरी बाग कॉलोनी में किराए से रहकर आईसीआईसीआई बैंक में नौकरी करती थीं। रविवार रात उनका अधजला शव घर के किचन में मिला था। शुरूआत जांच में पलक की मौत को हादसा माना जा रहा था परन्तु पुलिस की गहन जांच में वह हत्या निकली जिसके बाद पुलिस ने पलक के प्रेमी मयंक शाक्य को दतिया से गिरफ्तार किया है। मामला प्रेम संबंध और शादी से इन्कार करने का है।
पुलिस के अनुसार जांच रिपोर्ट में यह बात पता चली कि पहले पलक का गला दबाया गया था और फिर उसपर बेहोशी की अवस्था में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, ताकि मामला हादसा या आत्महत्या लगे।
शुरुआत जांच में पुलिस और परिजन इस घटना को हादसा मान रहे थे। घटनास्थल पर गैस चूल्हे का बर्नर निकला हुआ था, गैस रिस रही थी और चूल्हे पर कटी हुई सब्जियां रखी थीं, जिससे खाना बनाते समय आग लगने की आशंका जताई गई थी। और पुलिस पूछताछ के दौरान परिजनों ने भी किसी विवाद या प्रेम संबंध से इनकार किया था। हालांकि, कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक नकाबपोश युवक संदिग्ध हालत में वहां से निकलता दिखाई दिया। उसकी पीठ पर बैग टंगा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से उसकी कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली, जिसमें मयंक शाक्य की मौजूदगी घटनास्थल के आसपास मिली। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने दतिया में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। और जोन-2 के डीसीपी अमन सिंह राठौर की निगरानी में प्रारंभिक पूछताछ की गई तो उसने पलक की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह अपने साथ बैग में पेट्रोल लेकर आया था। उसने पहले पलक का गला दबाया और फिर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना को हादसे का रूप देना चाहता था, ताकि उस पर किसी तरह का शक न जाए। पुलिस को पूछताछ में पता चला कि पलक और मयंक की करीब छह साल पहले एक परिचित के माध्यम से दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा। मयंक शादी करना चाहता था, लेकिन पलक और उसके परिवार ने इस रिश्ते से इनकार कर दिया था। परिजन उसके लिए दूसरी जगह रिश्ता तलाश रहे थे। पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद हुआ था तथा विवाद के दौरान पलक ने उसे थप्पड़ मार दिया। इससे मयंक ने गुस्से में आकर कथित तौर पर पलक का गला दबा दिया, जिससे पलक की मौत हो गई। हत्या के बाद उसने खुद को बचाने के लिए पेट्रोल डालकर शव को जला दिया। इसके बाद गैस सिलेंडर की नली निकालकर गैस रिसाव से मौत की कहानी रच दी।
थाना प्रभारी मनोज सेंधव के अनुसार वैज्ञानिक जांच, फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज व डिजिटल विश्रेषण के आधार पर वारदात के 48 घंटे में हत्या का खुलासा हो गया। थाना प्रभारी के अनुसार घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को कई परिस्थितियां संदिग्ध लगी थी। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक युवक हाथ में पेट्रोल की केन लेकर आता-जाता दिखा। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए। तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।

