नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस वर्ष दोनों नेताओं की यह दूसरी बैठक है। इससे पहले 31 अगस्त को बिश्केक में 26वें एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी।
बैठक में दोनों नेताओं ने राजनीतिक, आर्थिक, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, कौशल विकास और जन-जन के बीच संबंधों सहित द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। दोनों ने रूस की अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक प्रदर्शनी ‘इनोप्रोम इंडिया’ के आयोजन का स्वागत किया। भारत में पहली बार आयोजित यह प्रदर्शनी 9 से 11 सितंबर तक चली। मोदी और पुतिन ने प्रदर्शनी का दौरा कर प्रतिभागियों से बातचीत भी की।
दोनों नेताओं ने भारत की अध्यक्षता में वर्ष 2026 के दौरान बहुपक्षीय मंचों, विशेषकर ब्रिक्स में भारत-रूस सहयोग पर विचार साझा किए। पश्चिम एशिया और काला सागर क्षेत्र के संघर्षों सहित प्रमुख क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने कहा कि संघर्षों के समाधान के लिए बातचीत और कूटनीति ही आगे बढ़ने का रास्ता है तथा भारत शांति प्रयासों में सहयोग के लिए तैयार है।
दोनों नेताओं ने विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई। राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को 24वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए रूस आने का निमंत्रण दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया। सम्मेलन की तारीखें राजनयिक माध्यमों से तय की जाएंगी।

