स्वयं सहायता समूह की महिलाएं चलाएंगी फूड कार्ट, पर्यटकों को मिलेगा शुद्ध भोजन और महिलाओं को रोजगार
नई दिल्ली । विंध्य क्षेत्र के प्रमुख ईको पर्यटन स्थलों पर अब पर्यटकों को प्राकृतिक नजारों के साथ स्थानीय स्तर पर तैयार शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ भी उपलब्ध होंगे। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं पर्यटन स्थलों पर फूड कार्ट संचालित करेंगी। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ पर्यटकों के लिए खान-पान की सुविधा उपलब्ध कराना है।
उत्तर प्रदेश का जिला मिरजापुर जनपद के विंढमफाल, सिरसी फाल, लखनिया दरी, सिद्धनाथ दरी समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर फूड कार्ट का निर्माण कराया जाएगा। इन स्थानों पर हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक प्राकृतिक छटा का आनंद लेने पहुंचते हैं। फिलहाल कई पर्यटन स्थलों पर खान-पान की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण पर्यटकों को परेशानी होती है। उन्हें या तो खाने-पीने की सामग्री साथ लानी पड़ती है या फिर सीमित विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता है। फूड कार्ट शुरू होने के बाद पर्यटक परिवार के साथ बैठकर जलपान कर सकेंगे। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं यहां चाट, समोसा, कचौड़ी, पकौड़ी, चाय, कॉफी, पावभाजी समेत अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएंगी। इससे पर्यटकों को भोजन की सुविधा मिलने के साथ महिलाओं की आमदनी बढ़ाने का अवसर भी मिलेगा।
स्थानीय अधिकारियों का कहना है, कि इस राष्ट्रीय योजना के जरिए महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से पहले से ही बड़ी संख्या में महिलाएं अलग-अलग गतिविधियों से जुड़ी हैं। जिले में 16,259 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है। इनके अलावा 1,150 ग्राम संगठन और 48 संकुल स्तरीय संघ बनाए गए हैं। इन समूहों से 1,70,983 से अधिक महिलाएं जुड़ी हुई हैं।
जिले के 809 गांवों में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही हैं। इनमें 1,071 समूह सखी, 429 बीसी सखी, 102 बैंक सखी, 42 कृषि सखी और 44 पशु सखी शामिल हैं। इसके अलावा महिलाएं 40 कोटे की दुकान और 40 कैंटीन भी संचालित कर रही हैं। अधिकारियों के अनुसार पर्यटन स्थलों पर फूड कार्ट शुरू करने से महिलाओं के लिए रोजगार का नया अवसर तैयार होगा और पर्यटकों को भी स्थानीय स्तर पर स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

