केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने की उम्मीद, रक्तदाताओं का किया उत्साहवर्धन
गुना केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल, गुना में आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने रक्तदाताओं से आत्मीय मुलाकात की और मानव सेवा के इस पुनीत कार्य के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
मंत्री सिंधिया ने कहा कि सेवा ही संकल्प है, सेवा ही समर्पण है। रक्तदान केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम भी है। रक्तदान करने वाले प्रत्येक व्यक्ति का यह प्रयास किसी परिवार के लिए आशा और जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाना उनके सेवा भाव को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर जैसे अभियान समाज में सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना को और मजबूत करते हैं। केन्द्रीय मंत्री ने मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति हृदय से साधुवाद व्यक्त किया और समाज के अधिक से अधिक लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार,पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया,हरि सिंह यादव,डॉ रामवीर सिंह रघुवंशी ,नीरज निगम,अंकुर श्रीवास्तव,शिवपाल परमार,ओम प्रकाश राठौर आदि उपस्थित रहे

