:: ऑटो को टक्कर मारने के बाद लोगों को कुचला; मौके पर मौजूद एसीपी ने चालक को पकड़ा, आक्रोशित भीड़ ने बस में की तोड़फोड़ ::
इंदौर । मध्यप्रदेश के इंदौर में रविवार को व्यस्त राजबाड़ा क्षेत्र में बस स्टैंड पर खड़ी एक पीएम ई-बस अचानक चल पड़ी और चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बस में तोड़फोड़ की। पुलिस ने चालक धनराज गांगले को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा एमजी रोड थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 12.35 से 12.45 बजे के बीच हुआ। राजबाड़ा बस स्टैंड पर खड़ी पीएम ई-बस अचानक आगे बढ़ गई। बस पहले सड़क किनारे खड़े ऑटो रिक्शा से टकराई और इसके बाद आसपास मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए पूजा सामग्री की दुकानों की ओर चली गई।
हादसे में गंभीर रूप से घायल गणेश उर्फ पिंटू पुत्र केशव, निवासी अशोक नगर, छोटा बांगड़दा को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घायलों में जितेंद्र पुत्र बाबूलाल शर्मा सहित तीन लोग शामिल हैं। उनका उपचार जारी है।
:: मौके पर मौजूद एसीपी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया ::
बस के अचानक चलने से राजबाड़ा के व्यस्त बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। टक्कर की आवाज सुनकर दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
हादसे के समय सराफा एसीपी यश बिजौरिया भी राजबाड़ा पर मौजूद थे। उन्होंने कुछ लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद चालक धनराज गांगले बस से कूदकर भागने लगा। एसीपी बिजौरिया ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और एमजी रोड पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
:: शिकायत पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज ::
एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया के अनुसार, पुलिस ने राधेश्याम सीताराम भाटी, निवासी चाणक्यपुरी कॉलोनी, देवास की शिकायत पर चालक धनराज गांगले के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को भी जब्त कर लिया है।
:: हादसे के बाद बस में तोड़फोड़ ::
घटना के बाद मौके पर जमा लोगों ने बस में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद कुछ लोगों ने बस पर ईंट-पत्थरों से पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची एमजी रोड पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
:: ब्रेक में खराबी की प्रारंभिक सूचना, तकनीकी जांच जारी ::
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर बस के ब्रेक में खराबी की बात सामने आई है। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, बस की तकनीकी स्थिति और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि घायलों का उपचार प्राथमिकता से कराया जा रहा है। एमजी रोड थाना प्रभारी अस्पताल में मौजूद हैं और मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच में चालक या किसी अन्य की लापरवाही सामने आने पर उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

