केरल में भारी बारिश से तबाही, 5 की मौत; 2 लोग लापता

ताज़ा खबर देश-विदेश

मलप्पुरम । केरल में मूसलाधार बारिश के बीच भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से अलग-अलग घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग अभी भी लापता हैं। लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। अधिकारियों को स्थिति की लगातार समीक्षा करने और संवेदनशील इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। मलप्पुरम जिले के निलंबूर-अमरंबलम इलाके में रविवार शाम कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोग बह गए। बताया गया कि वंडूर का एक समूह नदी में नहाने पहुंचा था। अचानक जलस्तर बढ़ने से सभी पानी के तेज बहाव में बह गए। एक व्यक्ति को स्थानीय निवासी ने बचा लिया, जबकि दो लोगों के शव बरामद किए गए। दो अन्य अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए विशेष आपदा प्रबंधन टीम तैनात की गई है।
कोट्टायम और इडुक्की में भूस्खलन
कोट्टायम जिले के टीकोय के पास वेलाथुसेरी में भूस्खलन की चपेट में आने से तमिलनाडु की 35 वर्षीय महिला संगीता अरुल लाल की मौत हो गई। वह अपनी सहेली के साथ वागामोन से लौट रही थीं। सड़क पर पहाड़ी से खिसकी मिट्टी उनके ऊपर गिर गई। हादसे में उनकी सहेली घायल हुई हैं।
इडुक्की के कोट्टाकम्बूर में बारिश से बचने के लिए शेड में रुके तीन लोग भूस्खलन की चपेट में आ गए। पहाड़ी से मिट्टी का बड़ा हिस्सा शेड पर गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई।
अगले चार दिन भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने केरल के कुछ हिस्सों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। 20 और 21 सितंबर को कुछ इलाकों में आंधी-तूफान की भी संभावना है। कोट्टायम और इडुक्की में रविवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया। राज्य में 1 जून से 17 सितंबर के बीच सामान्य से 28 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई थी।