बीजेपी नेता दयाशंकर ने रायबरेली से पीडीए रथ यात्रा को लेकर साधा निशाना
लखनऊ । यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और बीजेपी नेता दयाशंकर सिंह ने रायबरेली से सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पीडीए के नारे पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश खुद पीडीए की परिभाषा को लेकर स्पष्ट नहीं हैं। समय-समय पर वह पीडीए की अलग-अलग व्याख्या करते हैं। दयाशंकर ने कहा कि कभी पीडीए को पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक बताया जाता है, तो कभी इसमें पंडित और आधी आबादी को शामिल किया जाता है। उन्होंने इसे अखिलेश यादव का जुमला बताया और कहा कि समाजवादी पार्टी की सोच पीडीए की नहीं, बल्कि परिवारवादी है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दयाशंकर ने अखिलेश की रथयात्रा के भगवा रंग में होने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भगवा रंग को लेकर प्रदेश की जनता में बढ़ते रुझान को देखते हुए अखिलेश ने अपने पीडीए रथ को भी भगवा रंग में बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की सत्ता में तीसरी बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी की वापसी होगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश भी मानकर चल रहे हैं कि भगवा ही जीतेगा, इसलिए उनका रथ भी भगवा रंग में है।
बता दें अखिलेश यादव आज रायबरेली में पहली बार पीडीए रथ चलाकर विधानसभा चुनाव की तैयारी को गति देंगे। अपने सहयोगी दल कांग्रेस के गढ़ रायबरेली से इसकी शुरुआत कर सपा अलग संदेश देने का प्रयास भी करेगी। रायबरेली में 17 सितंबर को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच विवाद के बाद जिले में युवा राजनीति गरमाई है। ऐसे समय में सपा रथयात्रा कर अपना अलग संदेश देने का प्रयास करेगी। अखिलेश की इस यात्रा को रायबरेली में संगठन को सक्रिय करने की दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
सपा प्रमुख व अन्य नेता रथ से रायबरेली में सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचेंगे। यहां वह करीब साढ़े तीन घंटे तक रहेंगे और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगे। अखिलेश पहली बार रथ की झलक दिखाने के साथ ही राजनीतिक संदेश भी देंगे। रथयात्रा की शुरुआत के लिए रायबरेली को चुनने के पीछे एक वजह इस जिले की तीन सीटों पर सपा विधायकों का जातीय समीकरण भी माना जा रहा है।

