हमारा शरीर लघु ब्रह्मांड, इसे स्वस्थ रखना हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री यादव

मनोरंजन

उज्जैन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि परमात्मा की कृपा से हमारा शरीर स्वयं में एक लघु ब्रह्मांड है। इसे स्वस्थ और निरोग रखना हमारी जिम्मेदारी है। नियमित योग और व्यायाम स्वस्थ जीवन के लिए बेहद जरूरी हैं। मुख्यमंत्री रविवार को दशहरा मैदान में आयोजित पंख मैराथन के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और मंच पर स्वयं विभिन्न योगासन कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि मां के गर्भ से जन्म लेने के बाद शरीर में पल-पल बदलाव होता रहता है। शरीर की संरचना और उसकी कार्यप्रणाली अद्भुत है। इसे स्वस्थ रखने के लिए योग, व्यायाम और अनुशासित जीवनशैली अपनानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उज्जैन आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। महाकाल की नगरी में साधना और आत्मचिंतन की परंपरा रही है। शरीर और जीवन को समझने के लिए भी भीतर की यात्रा आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने शिव और विष्णु तत्व के महत्व का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं से आध्यात्मिक चेतना के साथ स्वस्थ जीवन अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए योग और व्यायाम जितने आवश्यक हैं, उतना ही जरूरी स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण भी है। पितृपक्ष के संदर्भ में उन्होंने पूर्वजों के स्मरण और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की बात कही।
मैराथन में 70 से 80 वर्ष आयु वर्ग के महिला-पुरुष योग साधकों ने योगासन और सूर्य नमस्कार का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों और धावकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया। दशहरा मैदान से शुरू हुई मैराथन विभिन्न मार्गों से होकर वापस मैदान पहुंची। इसमें करीब दो हजार से अधिक युवा, बच्चे, बुजुर्ग और महिला-पुरुष धावकों ने हिस्सा लिया।