किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली, समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा धान : यादव

इंदौर

:: बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री की घोषणाएं; हर खेत तक पानी और आय के वैकल्पिक साधनों पर जोर ::
उज्जैन/इंदौर । किसानों को सिंचाई के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी और इस वर्ष धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को शहडोल के बलराम कृषि महोत्सव को उज्जैन से वर्चुअली संबोधित करते हुए यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंचाई का रकबा बढ़ाकर हर खेत तक पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन, बकरी पालन, कुक्कुट पालन और मछली पालन को भी बढ़ावा दिया जाएगा। उन्नत बीज उपलब्ध कराने के साथ आधुनिक, जैविक और प्राकृतिक खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
:: कोदो-कुटकी के बाद अब धान की खरीदी ::
डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल में इस वर्ष पहली बार कोदो-कुटकी की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई है। अब धान भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। उन्होंने किसानों से धान खरीदी को लेकर चिंता नहीं करने को कहा।
शहडोल की हल्दी को जियोटैग मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने मसाला फसलों की खेती, हल्दी की प्रोसेसिंग और बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि किसानों को अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।
:: स्थानीय उत्पादों और उद्यानिकी को बढ़ावा ::
मुख्यमंत्री ने जैविक खेती करने वाले किसानों से संवाद किया। उन्होंने राजाबाग अमरूद, मूंगा, कोदो और कुटकी जैसे स्थानीय उत्पादों के साथ उद्यानिकी फसलों को बढ़ावा देने की बात कही। क्षेत्र की दुर्लभ वनस्पतियों के संग्रहण, प्रसंस्करण और विपणन की व्यवस्था विकसित करने की भी बात कही।
उन्होंने कहा कि बिना ब्याज ऋण की राशि जमा करने के लिए किसानों को अब किसी निर्धारित समय का इंतजार नहीं करना होगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार वर्ष में कभी भी ऋण की राशि जमा कर सकेंगे।
:: जनजातीय गांवों में विकसित होंगे होम-स्टे ::
डॉ. यादव ने कहा कि शहडोल क्षेत्र के जनजातीय बहुल गांवों में होम-स्टे विकसित किए जाएंगे। सरकार इसके लिए अनुदान देगी। इससे युवाओं को रोजगार, ग्रामीण परिवारों को अतिरिक्त आय और क्षेत्र को पर्यटन के नए अवसर मिलेंगे।
महोत्सव में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, आधुनिक खेती और कृषि योजनाओं से संबंधित साहित्य वितरित किया गया। कार्यक्रम में एपेक्स बैंक अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, विधायक मनीषा सिंह, शरद कोल, जयसिंह मरावी, जिला पंचायत सीईओ शिवम प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।