महाकाल दर्शन को जा रहे परिवार की अर्टिगा में लगी आग, 7 लोग सुरक्षित

मध्य प्रदेश

:: अहमदाबाद से उज्जैन जा रहे थे, बोरखली के पास हाईवे पर जली कार; सामान और 8 हजार रुपए भी खाक ::
धार/इंदौर । गुजरात के अहमदाबाद से उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने जा रहे परिवार की मारुति सुजुकी अर्टिगा कार में शुक्रवार सुबह धार जिले के बोरखली के पास आग लग गई। कार में सात लोग सवार थे। सभी समय रहते बाहर निकल आए और सुरक्षित बच गए। आग से कार पूरी तरह जल गई। उसमें रखा सामान, कपड़े और करीब 8 हजार रुपए नकद भी जल गए।
घटना सुबह करीब 6:26 बजे राजोद थाना क्षेत्र में हुई। कार में आग लगने और यात्रियों के अंदर फंसे होने की सूचना पर डायल-112 की दो टीमें मौके पर पहुंचीं। राजोद थाने की एफआरवी-14 और सरदारपुर थाने की एफआरवी-11 ने बचाव कार्य करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में उन्हें दूसरे वाहन से गंतव्य की ओर रवाना किया गया।
:: दो थानों की टीमों ने संभाला मोर्चा ::
कार में मयूर कुमार बलवंत भाई पटेल (40), जयस पिता मूलजी भाई जोशी (58), भारत भाई करमचंद गोशालिया (59), अपूर्व जयस जोशी (29), कनक जयस जोशी (55), दक्ष भरत गोशालिया (56) और अभी भारत गोशालिया (28) सवार थे।
बचाव कार्य में राजोद थाने के कांस्टेबल प्रकाश, पायलट तुलसीराम मेडा तथा सरदारपुर थाने के कांस्टेबल सौरभ मोरे और पायलट नितेश बाबेरिया शामिल रहे। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।