इन्दौर कई टाउनशिप और कॉलोनियों के डेवलेपमेंट से जुड़े शहर के एक बड़े प्रापर्टी कारोबारी ने आज देर शाम अपने आफिस में फांसी लगाकर जान दे दी। प्रॉपर्टी कारोबारी का नाम संदीप नागर उर्फ बंटी निवासी गुलमोहर कॉलोनी है और उनका आफिस साकेत चौराहे पर है। मामला पलासिया थाना क्षेत्र का है। शाम करीब 5 बजे घटना की सूचना मिलने पर परिजन आफिस पहुंचे और फंदे से उतार पहले नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां से एमवाय अस्पताल रैफर कर दिया गया। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
एसीपी नीति दंडोतिया के अनुसार बंटी नागर रियल एस्टेट का काम करते थे। वे कई टाउनशिप और कॉलोनियों के विस्तार से जुड़े रहे हैं। उनके आफिस में फांसी लगाकर जान देने की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है जिसके चलते प्राथमिक तौर पर फांसी लगाने के कारण का पता नहीं चल पाया है फिलहाल परिजनों के बयान ले घटना की जानकारी जुटाई जांच कार्रवाई की जा रही है।

