-लगाया महिला प्रदर्शनकारियों से दुर्व्यवहार का आरोप
नई दिल्ली । दिल्ली में कथित वोट चोरी के खिलाफ चल रहे आंदोलन के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों के साथ पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों द्वारा कथित दुर्व्यवहार का एक गंभीर मामला सामने आया है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के असिस्टेंट कमांडेंट राहुल सोलंकी ने इस संबंध में राष्ट्रीय महिला आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और दिल्ली पुलिस आयुक्त से शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और आरोपों की पुष्टि होने पर जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की मांग की है। 13 अक्टूबर, 2026 को दर्ज की गई अपनी शिकायत में, मणिपुर में तैनात राहुल सोलंकी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे तीन वीडियो के लिंक भी संलग्न किए हैं। उनके अनुसार, इन वीडियो में कथित तौर पर पुलिस और सुरक्षा बलों के जवानों को महिला प्रदर्शनकारियों के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए दिखाया गया है। सोलंकी ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने यह शिकायत भारत के एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर अपने व्यक्तिगत स्तर पर की है। उन्होंने संविधान, कानून के शासन और महिलाओं की गरिमा व सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए वीडियो की निष्पक्ष जांच और फॉरेंसिक सत्यापन का अनुरोध किया है। उन्होंने यह भी कहा कि जांच में घटना के पूरे वीडियो फुटेज और उससे जुड़ी परिस्थितियों की भी पड़ताल की जानी चाहिए। अपनी शिकायत में, अधिकारी ने दो संभावित स्थितियों का जिक्र किया है। पहली, यदि आरोपों की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार पुलिसकर्मियों, सुरक्षा बलों के जवानों और संबंधित पर्यवेक्षी अधिकारियों के खिलाफ उचित कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाए। दूसरी, यदि वीडियो फर्जी या उनमें महत्वपूर्ण स्तर पर छेड़छाड़ की पुष्टि होती है, तो कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाए और भ्रामक सामग्री को तत्काल हटाया जाए। इस शिकायत ने प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा और मानवाधिकारों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।

