देशभर में मानसून का कहर: यूपी में बाढ़ से स्कूल हुए जलमग्न

देश-विदेश

उत्तराखंड में भूस्खलन, असम में मृतकों की संख्या 95 पहुंची
-प्रतापगढ़ में मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
-केदारनाथ और बद्रीनाथ हाईवे बाधित, दिल्ली में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
नई दिल्ली । देशभर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश अब जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, असम, बिहार और दिल्ली समेत कई राज्यों में बाढ़, भूस्खलन और जलभराव से हालात गंभीर बने हुए हैं। कई स्थानों पर सड़क संपर्क टूट गया है, स्कूल बंद कर दिए गए हैं और राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के कारण गंगा और सरयू सहित कई नदियां उफान पर हैं। फर्रुखाबाद जिले के 33 गांवों और 40 सरकारी स्कूलों में गंगा का पानी घुस गया है। बलिया में पिछले एक सप्ताह के दौरान सरयू नदी में 27 मकान समा चुके हैं। वाराणसी में गंगा का जलस्तर बढ़ने से 40 से 50 छोटे मंदिर जलमग्न हो गए हैं। प्रतापगढ़ में लगातार बारिश के बीच करीब 100 वर्ष पुराना मकान ढहने से एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
उत्तराखंड में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश के चलते देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में आंगनबाड़ी केंद्रों से लेकर कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा क्षेत्र में पहाड़ी से मलबा और पानी केदारनाथ हाईवे पर आने से कई वाहन कीचड़ और चट्टानों के नीचे दब गए। वहीं, अलकनंदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे नदी किनारे बने कई मकानों की पहली मंजिल तक पानी पहुंच गया है और एक पुल भी आंशिक रूप से जलमग्न हो गया है।
बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद
चमोली जिले में हेलंग के पास पहाड़ी से भारी मलबा और पत्थर गिरने के कारण बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया। प्रशासन ने करीब 200 यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका है और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग की टीमें मार्ग बहाल करने में जुटी हैं।
असम बाढ़: मृतकों की संख्या 95 हुई
असम में बाढ़ की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में छह और लोगों की मौत के बाद इस मानसून में मृतकों की संख्या बढ़कर 95 हो गई है। धानसिरी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिसके चलते 14 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के 563 गांवों के 1.6 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
नहर मार्ग तेज बहाव में बहा
बिहार के रक्सौल में भेलाही–घोड़ासहन नहर मार्ग तेज बहाव में बह गया, जिससे लगभग 15 गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार सुबह हुई झमाझम बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। रोहतक रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए दिनभर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी वर्षा की संभावना जताई है। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए विभिन्न राज्यों के प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।