::महापौर जनता के मित्र नहीं, बल्कि शत्रु हैं – सोनिला मिमरोट::
इन्दौर | शहर की समस्याओं को लेकर आज रीगल चौराहे पर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट के नेतृत्व में कांग्रेस पार्षदों ने महापौर को मित्रासुर बता जोरदार विरोध प्रदर्शन करते उनका पुतला फूंका।
नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने कहा कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव खुद को इंदौर का मित्र बताते हैं, लेकिन उनके अनुसार वे जनता के मित्र नहीं, बल्कि शत्रु हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महापौर ने अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभाईं और शहर के गड्डों, पानी, ट्रैफिक व ड्रेनेज की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने महापौर पर घोटालों में शामिल लोगों का साथ देने का आरोप भी लगाया। मिमरोट ने कहा कि आज मित्रासुर का पुतला जलाकर महापौर और उनकी परिषद को संदेश दिया गया है। मिमरोट ने महापौर के ट्रैफिक मित्र होने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर अवैध होर्डिंग से भरा है और उन्होंने भागीरथपुरा जलकांड की जिम्मेदारी भी नहीं ली। उन्होंने महापौर से कहा कि अगले छह महीने में वे इंदौर की जनता के लिए किए गए काम साबित करें, अन्यथा इस्तीफा दे दें।
आज निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट अनेकों महिलाओं के साथ रीगल चौराहे पर पहुंचीं और प्रदर्शन कर महापौर का विरोध किया। इस दौरान महापौर मुर्दाबाद, धोखेबाज और भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान मित्रासुर का पुतला जलाया गया जिसके अलग-अलग चेहरों पर शहर की समस्याओं और कथित अनियमितताओं से जुड़े नाम लिखे गए थे। इनमें गड्डा मित्र, फर्जी नामांतरण घोटाला मित्र, भागीरथपुरा कांड मित्र, सफाईकर्मियों का झूठा मित्र, जलसंकट मित्र, अवैध होर्डिंग मित्र, घटिया ट्रैफिक नवाचार मित्र, भेदभाव मित्र और फर्जी बिल घोटाला मित्र शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने मित्रासुर मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पुतला दहन किया।

