पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को श्रमजीवी पत्रकार संघ पलेरा इकाई ने सौंपा ज्ञापन, पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग
1 दिसंबर को प्रदेशभर के श्रमजीवी पत्रकार करेंगे धरना-प्रदर्शन, पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग
टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पलेरा आगमन के दौरान मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की ब्लॉक इकाई पलेरा के पदाधिकारियों एवं पत्रकारों ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग उठाई। पत्रकारों का कहना है कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के दौरान पत्रकारों को कई तरह की चुनौतियों और परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए ठोस कानूनी प्रावधान आवश्यक हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया तथा जल्द से जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग की गई।
1 दिसंबर को प्रदेशभर में होगा धरना-प्रदर्शन
मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर आगामी 1 दिसंबर को प्रदेशभर के पत्रकार धरना-प्रदर्शन करेंगे। संघ के इस कार्यक्रम के माध्यम से सरकार का ध्यान पत्रकारों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार पत्रकारों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की दिशा में आवश्यक पहल करेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में ये पत्रकार रहे शामिल
इस अवसर पर पत्रकार पवन सिंग्या, सद्दाम राईन, अनिल खरे, समीर खान, बालचंद शुक्ला, नितेंद्र मिश्रा एवं मनीष कंथरिया सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

