शासन की योजनाओं और जनसुविधाओं के कार्यों को प्राथमिकता दें: निगम आयुक्त

मध्य प्रदेश

रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को दिए निर्देश, पारदर्शिता और आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर
भोपाल । नगर निगम के नवागत आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और जनसुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय और सहयोग से पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य सुनिश्चित करें। नागरिकों की समस्याओं का निराकरण और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद बुधवार को निगम मुख्यालय अटल भवन में आयोजित बैठक में आयुक्त ने स्वच्छता, अपशिष्ट निष्पादन, जलापूर्ति, सीवेज, अमृत-2.0, फायर ब्रिगेड और आगामी परिषद बैठक की तैयारियों सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था निर्धारित समय पर संचालित करने और मानकों के अनुसार अपशिष्ट का निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विसर्जन घाटों की सफाई पर विशेष जोर
मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने घाटों पर तैनात अधिकारियों को सुरक्षित और व्यवस्थित विसर्जन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन कार्य समाप्त होने के तत्काल बाद प्रतिमाओं के अवशेष, गाद और मिट्टी हटाकर जलाशयों की सफाई कराई जाए। आवश्यकतानुसार रसायनों का उपयोग करने और फाउंटेन चालू रखने के निर्देश भी दिए, ताकि जलाशयों की स्वच्छता और पानी की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे।
आयुक्त ने अधिकारियों से कार्यों में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और सुधार के सुझावों से भी अवगत कराने को कहा। बैठक में अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, अमन मिश्रा, अभिषेक सिंह, वरुण बडेरिया, उपायुक्त भुवन गुप्ता, दिनेश सिंह, हीरेन्द्र सिंह कुशवाह, चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता और अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।