बारिश में अलर्ट मोड पर निगम, जलभराव वाले इलाकों में तुरंत पहुंच रहीं टीमें

इंदौर

:: पंप और मशीनों के साथ जोनवार अमला तैनात, अफसर कर रहे लगातार मॉनिटरिंग ::
इंदौर (ईएमएस)। शहर में लगातार हो रही बारिश के बीच नगर निगम ने जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए फील्ड अमले को अलर्ट कर दिया है। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर सभी जोनों में अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
निगम के अनुसार, जहां भी जलभराव की सूचना मिल रही है, वहां टीमें पंप, पाइप और अन्य आवश्यक मशीनरी के साथ तत्काल पहुंचकर पानी निकासी का कार्य कर रही हैं। इसके अलावा अपर आयुक्त और विभाग प्रमुख भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।
निगम प्रशासन का कहना है कि वर्षाकाल के दौरान जलभराव और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए सभी जोनों में संसाधनों और कर्मचारियों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है, ताकि नागरिकों को कम से कम असुविधा हो और शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा सके।