सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैन में 539 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन

मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले—विकास कार्यों में पारदर्शिता और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
उज्जैन । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार सिंहस्थ-2028 के भव्य आयोजन को ध्यान में रखते हुए उज्जैन के दीर्घकालिक विकास पर जोर दे रही है। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर उज्जैन में 539 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया गया। इनमें अमृत द्वार, पांच्यजन्य द्वार और सिद्धवट क्षेत्र के विकास कार्य भी शामिल हैं। इनका उद्देश्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व प्राचीन काल से रहा है। सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं विकसित कर रही है। शहर में विकास कार्यों के कारण जिन दुकानदारों को स्थान छोड़ना पड़ेगा, उन्हें वैकल्पिक जगह उपलब्ध कराई जाएगी। जिनके मकान प्रभावित हुए हैं, उन्हें पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं के तहत आवास देने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार सभी कार्य पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। किसान कल्याण वर्ष के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पुरानी जमीन और संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री का निर्णय लिया गया है। स्वामित्व योजना के माध्यम से लोगों को संपत्ति का कानूनी अधिकार मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों से उज्जैन के आसपास ग्रामीण क्षेत्रों में होमस्टे विकसित करने की संभावनाएं तलाशने को भी कहा, ताकि पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
वाल्मीकि धाम के लिए घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने वाल्मीकि धाम में सर्वसुविधायुक्त धर्मशाला बनाने, रिटेनिंग वॉल सहित अन्य विकास कार्य पूरे करने और धाम के पास स्थित थाने का नाम बदलकर ‘वाल्मीकि धाम थाना’ करने की घोषणा की।
प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि सिंहस्थ की तैयारियां करीब 30 माह पहले ही शुरू कर दी गई हैं और उज्जैन से चारों दिशाओं में 100 किलोमीटर तक सड़क विकास के कार्य किए जा रहे हैं। उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने बताया कि प्राधिकरण के 539 करोड़ रुपये के नए कार्यों का भूमि-पूजन हुआ है। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए उज्जैन में लगभग 25 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया, राज्यसभा सदस्य बालयोगी उमेश नाथ महाराज, नगर निगम सभापति कलावती यादव, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन सहित जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।