इंदौर । धार रोड स्थित धरावरा धाम आश्रम में सोमवार को एक प्रेरणादायक आयोजन संपन्न हुआ। साकेतवासी संस्थापक महंत घनश्याम दास महाराज की 17वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित मानस सम्मेलन, भागवत ज्ञान यज्ञ और महाभंडारे के उपरांत सहयोगी बंधुओं का सम्मान समारोह एवं होली स्नेह मिलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महंत शुकदेव दास महाराज ने की। इस अवसर पर महाभंडारे और अनुष्ठान को सफल बनाने में अपना योगदान देने वाले आसपास के 25 गांवों के सहयोगी बंधुओं का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी ललित अग्रवाल, मुख्य यजमान नानूराम चौधरी, डॉ. सुरेश चोपड़ा, सुधीर अग्रवाल, सीताराम नरेडी, देवेन्द्र सांखला, अशोक कुमावत और विष्णु चौधरी का गरिमामयी सम्मान किया गया।
:: अन्न की बर्बादी रोकने का संकल्प ::
कार्यक्रम का सबसे मुख्य आकर्षण महंत शुकदेव दास महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को दिलाया गया संकल्प रहा। महाराज ने सभी से आग्रह किया कि किसी भी मांगलिक प्रसंग या आयोजन में भोजन की जूठन न छोड़ी जाए और अन्न की बर्बादी को रोका जाए। महंत के इस आह्वान का सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक समर्थन करते हुए भविष्य में अन्न की पवित्रता बनाए रखने की शपथ ली।
इस दौरान आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में सभी ने आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हुए एक-दूसरे को रंगपंचमी की शुभकामनाएँ दीं।

