इंदौर-धार के नियोजकों को वेतन, सामाजिक सुरक्षा और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारियों की दी जानकारी ::
इंदौर । नवीन श्रम संहिताओं के प्रावधानों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मंगलवार को प्रीतमलाल दुआ सभागृह में इंदौर एवं धार जिले के नियोजकों और औद्योगिक प्रतिनिधियों के लिए श्रम संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उद्योगों को श्रमिकों के अधिकारों, वेतन, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही नियोजकों को श्रम कानूनों के तहत अपने वैधानिक दायित्वों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में श्रमायुक्त शीतला पटले, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के संचालक एसआर दत्ता, अवर सचिव संजय तिवारी, एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज मध्यप्रदेश के अध्यक्ष प्रकाश जैन और पीथमपुर औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष गौतम कोठारी ने संबोधित किया। वक्ताओं ने नवीन श्रम संहिताओं के उद्देश्यों और उनके क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रम कानूनों का पालन करने के साथ श्रमिकों के हितों और अधिकारों का ध्यान रखना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में न्यूनतम वेतन, वेतन भुगतान, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी), सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक संबंध तथा कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे विषयों पर चर्चा हुई। नियोजकों को श्रम संहिताओं के अनुरूप औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई।
इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में इंदौर और धार के औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नियोजकों, उद्योग संगठनों के प्रतिनिधियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अधिवक्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में उप संचालक सांकेत पांडे, उप श्रमायुक्त आशीष पालीवाल, मेघना भट्ट और रजनी मालवीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में मेघना भट्ट और गौतम कोठारी ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

