सिनेमा की कोई सरहद नहीं होती और इसकी एक शानदार मिसाल देखने को मिली BRICS+ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में। सेंट पीटर्सबर्ग और मॉस्को में आयोजित इस फेस्टिवल में दुनिया भर के फिल्ममेकर्स और उनकी अनूठी कहानियों का जमावड़ा लगा। 22 देशों से आईं 327 फिल्मों की एंट्री के बीच 12 अवॉर्ड्स दिए गए। फेस्टिवल में 15 से ज्यादा देशों की 60 से अधिक फिल्मों की स्क्रीनिंग हुई। खास बात यह रही कि भारतीय फिल्मों ‘हप्पन सांगवाला’ और भारत-रूस की को-प्रोडक्शन ‘स्नो फ्लावर’ ने भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई। ‘स्नो फ्लावर’ में छाया कदम और वैभव मांगले के अभिनय को स्पेशल फेस्टिवल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।रवि यादव के प्रोडक्शन में बनी ‘हप्पन सांगवाला’ लुप्त होती लोककला ‘स्वांग’ और इसके दिग्गज कलाकार हप्पन सांगि की जिंदगी की कहानी को पर्दे पर उतारती है।

