:: एसआईआर में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के विरोध में जुटेंगे कार्यकर्ता, हर विधानसभा से एक हजार लोगों को लाने का लक्ष्य ::
इंदौर । मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों और पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाने के विरोध में कांग्रेस 26 नवंबर को भोपाल में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी। इस प्रदेशव्यापी प्रदर्शन में प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों से कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी है। पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से कम से कम एक हजार कार्यकर्ताओं को भोपाल पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
मार्च की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य एवं एआईसीसी ऑब्जर्वर मोहम्मद आरिफ नसीम खान ने इंदौर शहर और ग्रामीण जिले में वोट रक्षक अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों और वार्ड अध्यक्षों से चर्चा कर अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।
खान ने कहा कि 26 नवंबर को प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल पहुंचेंगे और निर्वाचन आयोग तथा भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर एसआईआर की आड़ में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। यह लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठाएगी।
:: घर-घर जाकर मतदाता सूची में नामों की कर रहे जांच ::
कांग्रेस प्रदेशभर में वोट रक्षक अभियान भी चला रही है। इसके तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची से हटाए गए नामों की जानकारी जुटा रहे हैं। साथ ही पात्र मतदाताओं के नामों का सत्यापन कर यह पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी योग्य मतदाता का नाम सूची से हट तो नहीं गया है। पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसे मामलों की जानकारी एकत्रित कर संबंधित स्तर पर उठाने की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रखना और प्रत्येक नागरिक के मतदान के अधिकार की रक्षा करना है। इसी मुद्दे को लेकर 26 नवंबर को भोपाल में बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
:: भाजपा भी निकाल रही लोकतंत्र बचाओ मार्च ::
इधर, भाजपा भी प्रदेश में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ मार्च आयोजित कर रही है। भाजपा विपक्ष पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं का अपमान करने के आरोप लगा रही है। ऐसे राजनीतिक माहौल में कांग्रेस का संविधान रक्षा मार्च प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस ने इस आयोजन के माध्यम से एसआईआर में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की तैयारी की है।

