इन्दौर | आज सुबह इन्दौर के धार रोड पर हुए एक हादसे में 15वीं बटालियन के छह जवानों की इनोवा कार रेत से भरे हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। इस इनोवा कार में सवार ये छह जवान नीमच में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से वीआईपी ड्यूटी करने के बाद इंदौर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि समय पर कार एयरबैग खुलने से कार में सवार जवानों की जान बच गई। हालांकि हादसे में पांच जवानों को मामूली तथा एक जवान को सिर में गंभीर चोट लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा चंदननगर थाना क्षेत्र में हुआ। पुलिस के अनुसार हादसा आज सुबह राजकुमार नगर-बांक क्षेत्र में इनोवा कार के क्रमांक एमपी 09 टीए 8278 के हाईपा डंपर में घुसने से उस समय हुआ जब कार के सामने अचानक एक अन्य वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में इनोवा कार चालक ने कार मोड़ी, लेकिन वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे रेत से भरे हाईवा डंपर के पिछले हिस्से में जा घुसी। इनोवा कार अनिकेत पिता सुरेश बैरवा निवासी बेटमा चला रहा था। हादसे में जवान विकास, रामचरण, आकाश, नीरज, रामविलास और एक अन्य घायल हुए हैं। सूचना पर तुरंत पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में चोट लगने वाले जवान को निजी अस्पताल भेजा, जबकि अन्य जवानों को सामान्य चोटें आने पर उपचार के बाद डिस्चार्ज कर पुलिस ने मामले की जांच कार्रवाई शुरू कर दी है।

