:: अग्रवाल समाज महासंघ विजयनगर के दीपावली मिलन समारोह में सजा भव्य दरबार, पीयूष भावसार ने दी भजनों की प्रस्तुति ::
इंदौर । अग्रवाल समाज महासंघ विजयनगर का दीपावली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव आनंदम गार्डन एंड रिसोर्ट में धूमधाम से मनाया गया। समारोह में खाटू श्याम बाबा की दिव्य ज्योत प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई। बाबा का भव्य दरबार और अलौकिक श्रृंगार आकर्षण का केंद्र रहा। भजन गायक पीयूष भावसार ने भजनों की प्रस्तुति देकर समाजबंधुओं को भावविभोर किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला न्यायालय के न्यायाधीश नीरज अग्रवाल एवं प्रिंसी अग्रवाल, सेवानिवृत्त न्यायाधीश कृष्ण गोपाल सुरेका तथा समाजसेवी दीपचंद अग्रवाल और राजेश अग्रवाल केटी ने ज्योत प्रज्वलित कर किया। संध्या-संदीप गर्ग, भावना-मनीष गर्ग और आभा-नीरज अग्रवाल ने भी ज्योत सेवा में सहभागिता की। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, निगम सभापति मुन्नालाल यादव और विधायक उषा ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
महासंघ के अध्यक्ष नीतेश बंसल, महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल और उपाध्यक्ष नीरज गोयल मूर्ति ने बताया कि समाज में आपसी मेल-मिलाप, एकता और सेवा-संस्कार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिमाह सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिसंबर और जनवरी के कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई है। आयोजन में महासंघ के पदाधिकारियों और महिला-पुरुष कार्यकारिणी सदस्यों ने व्यवस्थाओं एवं अतिथि सत्कार में सहयोग दिया।

