:: दो गेम से पिछड़ने के बाद हिमोन को 3-2 से हराया, तनिष्का ने मायरा को सीधे गेमों में दी शिकस्त ::
फगवाड़ा । पश्चिम बंगाल के ऋशान चट्टोपाध्याय और कर्नाटक की तनिष्का कालभैरव ने तीसरी नेशनल रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में अंडर-15 बालक और बालिका एकल के खिताब जीत लिए। गुरुवार को खेले गए फाइनल में शीर्ष वरीय ऋशान ने दो गेम पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए हमवतन और दूसरी वरीय हिमोन मंडल को 6-11, 9-11, 11-6, 11-4, 12-10 से हराया। वहीं, तनिष्का ने महाराष्ट्र की तीसरी वरीय मायरा सेंगलकर को 11-5, 11-7, 11-8 से शिकस्त दी।
ऋशान ने शुरुआती दो गेम गंवाने के बाद अगले दोनों गेम जीतकर मुकाबला बराबर किया। निर्णायक गेम में भी कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन उन्होंने 12-10 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। हिमोन के लगातार दो शॉट बाहर जाने से ऋशान को अहम अंक मिले।
बालिका वर्ग में तनिष्का ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा। उन्होंने सीधे गेमों में जीत दर्ज की। इससे पहले सेमीफाइनल में तनिष्का ने असम की दिविजा पॉल को 3-2 से हराया था, जबकि मायरा ने पीएसपीबी अकादमी की आर्या रेडकर को 3-1 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई।
बालक वर्ग के सेमीफाइनल में ऋशान ने तमिलनाडु के जेएन संजय अरविंद को 3-0 और हिमोन ने महाराष्ट्र के अहान गोसर को 3-1 से हराया था। क्वार्टर फाइनल में हिमोन ने उत्तर प्रदेश के लक्ष्य किमूर को दो गेम पिछड़ने के बाद 3-2 से हराया। ऋशान ने गुजरात के देव भट्ट को 3-1 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में तनिष्का ने हरियाणा की अवनि दुआ और मायरा ने गुजरात की दानिया गोदिल को 3-0 से हराया। दिविजा ने बंगाल की सतुर्या बनर्जी को 3-1 से शिकस्त दी, जबकि आर्या रेडकर ने दो गेम पिछड़ने के बाद बंगाल की शारिका शाहिद को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
ऋशान ने जीता अंडर-15 राष्ट्रीय टेबल टेनिस खिताब, तनिष्का भी चैंपियन

