शो ‘वसुधा’ में कई मुश्किलों और इम्तिहानों से गुजरने के बाद आखिरकार वसुधा और देवांश ने साथ मिलकर अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू कर दिया है। चंद्रिका ने भी वसुधा को अपनी बहू के रूप में स्वीकार कर दोनों के रिश्ते को अपनी दुआओं और आशीर्वाद से नवाजा है। शादी की खुशियों से लेकर शादी के बाद की रस्मों तक, यह जोड़ा अपने साथ के इस नए एहसास को जी रहा है। लेकिन, जब दोनों अपनी नई दुनिया में रमने लगे, तभी उनके लिए एक दिलचस्प सरप्राइज इंतजार कर रहा था। शो में बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और अभिनेत्री शरवरी वाघ की खास एंट्री होने जा रही है। आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ ने शो के सेट पर पूरी स्टार कास्ट के साथ खूब मस्ती की। वहीं, शो में वसुधा और देवांश का किरदार निभाने वाले प्रिया ठाकुर और अभिषेक शर्मा भी उनके साथ शूटिंग के अनुभव को लेकर बेहद उत्साहित नजर आए।

