सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों की जांच, 22 में मिलीं खामियां

मध्य प्रदेश

:: मुरैना-बुरहानपुर में खराब निर्माण पर ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्ट; अभियंताओं को नोटिस, दमोह में कंसल्टेंट पर भी कार्रवाई ::
भोपाल/इंदौर । प्रदेश में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सात जिलों में किए गए औचक निरीक्षण में 35 में से 22 कार्यों में सुधार की जरूरत सामने आई है। मुरैना और बुरहानपुर में सड़क निर्माण संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अभियंताओं को नोटिस जारी करने और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, दमोह में निर्माणाधीन सड़क के मामले में संबंधित कंसल्टेंट पर भी कार्रवाई होगी।
मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) के प्रबंध संचालक भरत यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 22 कार्यों में आवश्यक सुधार कराने और निरीक्षण दलों की अनुशंसाओं पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
:: मुरैना-बुरहानपुर में ठेकेदारों पर कार्रवाई ::
लोक निर्माण विभाग की गुणवत्ता सुधार कार्ययोजना के तहत 20 नवंबर को मुख्य अभियंताओं के नेतृत्व में गठित सात दलों ने विदिशा, छिंदवाड़ा, मुरैना, बुरहानपुर, मैहर, मंदसौर और दमोह में निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इनमें लोक निर्माण विभाग की सड़क एवं पुल शाखा के 21, परियोजना क्रियान्वयन इकाई के पांच, एमपीआरडीसी के छह, मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के दो और राष्ट्रीय राजमार्ग का एक कार्य शामिल था।
मुरैना में 3.50 किलोमीटर लंबे खेड़ा मेवदा-मीरापुर मार्ग और बुरहानपुर में 1.50 किलोमीटर लंबे बोहरदा-मोहनासंगम मार्ग का निर्माण संतोषजनक नहीं पाया गया। इस पर संबंधित कार्यपालन यंत्रियों, अनुविभागीय अधिकारियों और उपयंत्रियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों कार्यों के ठेकेदारों के विरुद्ध ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई की जाएगी।
बुरहानपुर में निंबोला-मगरूल-थाथरबाल्डी-उतांबी-बोरी बुजुर्ग मार्ग के मजबूतीकरण सहित नाचनखेड़ा-अडगांव और दरियापुर-जशोंधी (महाराष्ट्र सीमा) मार्गों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। इनके ठेकेदारों के विरुद्ध भी ब्लैकलिस्टिंग की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
:: दमोह में 73 किमी सड़क के काम पर भी कार्रवाई ::
दमोह में निर्माणाधीन 73.265 किलोमीटर लंबे दमोह-हटा-गैसाबाद-सिमरिया मार्ग के मामले में संबंधित कंसल्टेंट के विरुद्ध कार्रवाई करने और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
:: विदिशा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहना ::
विदिशा जिले में निर्माणाधीन झारखेड़ा-बेरसिया-ढोलखेड़ी मार्ग का काम गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इसके लिए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री दीपक असाटी की सराहना की गई।
:: लोकपथ की शिकायतें चार दिन में सुलझाने के निर्देश ::
समीक्षा बैठक में भरत यादव ने लोकपथ ऐप पर प्राप्त शिकायतों का निर्धारित चार दिन की समय-सीमा में निराकरण करने को कहा। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को देने और उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। शिकायतों के निराकरण की समीक्षा मुख्य अभियंता और अधीक्षण यंत्री स्तर पर की जाएगी।
उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य तय समय-सीमा में पूरा करने तथा इनके लिए तत्काल और स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार कर लागू करने को कहा। एमपीआरडीसी की आगामी परियोजनाओं में सड़क किनारे यात्री सुविधाओं और गौशालाओं के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए।