:: 2027 के अंत तक पूरे करने होंगे सभी काम; क्लीन एंड ग्रीन सिंहस्थ की तैयारी, हर महीने होगी समीक्षा ::
भोपाल/इंदौर । सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए सरकार ने 2,801.75 करोड़ रुपए की लागत के 33 कार्यों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मंत्रालय में आयोजित मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन और स्वीकृत कार्य दिसंबर 2027 तक हर हाल में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि इस बार सिंहस्थ क्लीन एंड ग्रीन थीम पर आयोजित होगा। तैयारियों की अब हर महीने समीक्षा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने क्षिप्रा नदी के सभी घाटों तक पहुंचने के लिए पक्के रास्ते बनाने तथा बिजली, स्वच्छता, सुरक्षा, परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था करने को कहा। बैठक में पर्यवेक्षण समिति की नौवीं और दसवीं बैठकों में अनुशंसित 33 कार्यों को मंजूरी दी गई। इनमें 16 कार्य 1,457.04 करोड़ और 17 कार्य 1,344.71 करोड़ रुपए के हैं।
:: स्वच्छता के व्यापक इंतजाम ::
स्वच्छ सिंहस्थ के लिए उज्जैन नगर निगम ने शौचालय, मूत्रालय और स्नानघरों के निर्माण एवं रखरखाव पर 393.53 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव रखा है। करीब 2,584 हेक्टेयर में फैले मेला क्षेत्र में 8,169 स्वच्छता सेट बनाए जाएंगे। इनमें लगभग 1.19 लाख शौचालय, 23,200 स्नानघर और 31,600 मूत्रालय शामिल होंगे। घाटों पर महिलाओं के लिए 185 चेंजिंग रूम भी प्रस्तावित हैं।
कचरा संग्रहण, परिवहन और सफाई के लिए 153.73 करोड़ रुपए की योजना है। प्रमुख स्नान पर्वों पर प्रतिदिन करीब 2,500 टन कचरा निकलने का अनुमान है। इसके प्रबंधन के लिए 13 हजार सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे। क्षिप्रा नदी के जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए 12.33 करोड़ रुपए से जल उपचार और निगरानी की व्यवस्था प्रस्तावित है।
:: निर्बाध बिजली के लिए 388 करोड़ ::
सिंहस्थ के दौरान बिजली आपूर्ति के लिए 387.99 करोड़ रुपए की अस्थायी कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें पांच अस्थायी बिजली उपकेंद्र, बिजली लाइनों और करीब एक हजार ट्रांसफॉर्मर की व्यवस्था शामिल है। साधु-संतों के शिविरों को लगभग 4,500 बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे। आपात स्थिति के लिए जनरेटर और मोबाइल लाइट टॉवर भी रखे जाएंगे। उज्जैन शहर और मेला क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट और सजावटी प्रकाश व्यवस्था पर 113.03 करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है।
:: सड़क, पार्किंग और परिवहन पर जोर ::
मेला क्षेत्र में 122 किलोमीटर अस्थायी सड़कें और 17 किलोमीटर पाथ-वे बनाए जाएंगे। पार्किंग एवं सर्विस क्षेत्र के विकास के लिए 112.34 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। जयसिंहपुरा तिराहे से नरसिंह घाट पुल तक 950 मीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा।
कार्तिक चौक से बड़ा पुल मार्ग को दानी गेट के ऊपर से 6 मीटर ऊंचे सबमर्सिबल इंटीग्रेटेड ब्रिज के रूप में विकसित करने के लिए 48.85 करोड़ रुपए की संशोधित लागत प्रस्तुत की गई है। इससे रामघाट आने और जाने वाले श्रद्धालुओं के रास्ते अलग होंगे और प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ प्रबंधन आसान होगा। घाटों, अखाड़ों और पार्किंग स्थलों के बीच 2 हजार बसों के संचालन की भी योजना है।
:: स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत ::
मेले में चिकित्सा सेवाओं के लिए 27.78 करोड़ और अग्निशमन व्यवस्था के लिए 18.23 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के लिए 155.08 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है। इस बार होमगार्ड की संख्या 8 हजार से बढ़ाकर 11,500 और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की संख्या 4 हजार से बढ़ाकर 10 हजार करने की योजना है। सुरक्षा के लिए ड्रोन निगरानी और एंटी-ड्रोन तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा।
:: सिंहस्थ अनुभव केंद्र भी बनेगा आकर्षण ::
उज्जैन के 147 चौराहों के उन्नयन और सौंदर्यीकरण के लिए 100 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं। कालिदास अकादमी परिसर में 11.18 करोड़ रुपए से स्थायी डोम-शेड बनाया जाएगा। इसके अलावा 90 करोड़ रुपए की लागत से करीब 75 हजार वर्गफुट में सिंहस्थ अनुभव केंद्र विकसित करने की योजना है। यहां आधुनिक तकनीकों के माध्यम से महाकालेश्वर, क्षिप्रा नदी, समुद्र मंथन और अखाड़ा परंपरा सहित 10 विषयों को प्रदर्शित किया जाएगा। सिंहस्थ के बाद भी यह केंद्र पर्यटन आकर्षण बना रहेगा।
बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह, एमएसएमई मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

