मोहन भागवत का बड़ा बयान- दुनिया की ताकतवर शक्तियां नहीं चाहतीं भारत आगे बढ़े, हमारी सोच सबकी मदद और शांति कायम करने की

ताज़ा खबर देश-विदेश

2047 के विकसित भारत का सपना युवा करेंगे साकार, नई पीढ़ी गुलामी की मानसिकता से मुक्त
छत्रपति संभाजीनगर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि दुनिया की कोई भी ताकत नहीं चाहती कि भारत तरक्की करे। वैश्विक शक्तियां अपनी ताकत और दबदबा बनाए रखने के लिए दूसरे देशों को दबाव में रखना चाहती हैं, लेकिन भारत की सोच इससे बिल्कुल अलग है। भारत अपनी शक्ति का इस्तेमाल कमजोर देशों की रक्षा करने, जरूरतमंदों की सहायता करने और विश्व में शांति स्थापित करने के लिए करना चाहता है। भारत उन देशों की भी मदद करता है, जो उससे नफरत करते हैं।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में बुधवार को पांचवें पद्मा फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि दुनिया की ताकतवर शक्तियां सर्वाइवल ऑफ द फिटेस्ट यानी जो सबसे ताकतवर है, वही टिकेगा के सिद्धांत पर काम करती हैं। उनका उद्देश्य दुनिया में अपना वर्चस्व बनाए रखना है। यदि भारत आगे बढ़ता है और अपनी शक्ति का विस्तार करता है, तो वैश्विक शक्तियों का दबदबा कमजोर हो सकता है, क्योंकि भारत की सोच केवल स्वयं आगे बढ़ने की नहीं, बल्कि सभी देशों की मदद करने की है। कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान भी मौजूद थे।
नफरत करने वाले पड़ोसी देशों की भी करता है मदद
मोहन भागवत ने कहा कि भारत मानता है कि संकट के समय पड़ोसी देशों की मदद करना उसका दायित्व है। इसके लिए वह यह नहीं देखता कि संबंधित देश भारत के प्रति कैसा रवैया रखता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मालदीव में पानी का संकट पैदा होने पर भारत ने वहां पेयजल पहुंचाया। आर्थिक संकट से जूझ रहे श्रीलंका को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई। नेपाल में पर्यावरण संबंधी समस्याओं के दौरान और बांग्लादेश में भी भारत ने मदद की। यहां तक कि बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान पाकिस्तान की भी सहायता की गई।
संघ प्रमुख ने कहा कि भारत की मान्यता है कि शक्ति का उपयोग कमजोरों को दबाने के लिए नहीं, बल्कि उनकी रक्षा करने और शांति कायम करने के लिए होना चाहिए। भारत की सभ्यता और संस्कृति दुनिया को साथ लेकर चलने तथा सबके कल्याण की भावना पर आधारित है।
युवा गुलामी की मानसिकता से मुक्त
नई पीढ़ी का उल्लेख करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि आज का युवा गुलामी की मानसिकता से मुक्त है। युवा सच्चाई के साथ खड़े होने के लिए तैयार हैं। उन्हें झूठ पसंद नहीं है और वे अपने देश को महान बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं में आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना दिखाई दे रही है, जो भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
मोहन भागवत ने पद्म पुरस्कार विजेताओं की सराहना करते हुए कहा कि इन लोगों ने दृढ़ संकल्प और समर्पण के साथ समाज के लिए काम किया है। उनके प्रयासों से लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। समाज के लिए किए गए कार्यों से मिलने वाली संतुष्टि की तुलना किसी आर्थिक कमाई से नहीं की जा सकती।
कार्यक्रम में पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। युवा इस लक्ष्य को पूरा करने में सबसे बड़ा योगदान देने के साथ ही विकसित भारत के सबसे बड़े लाभार्थी भी होंगे। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी।