दाम, दंड, भेद से जुटा रहे दो-तिहाई बहुमत
नई दिल्ली । परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। सत्तापक्ष और विपक्ष के लिए परिसीमन विधेयक आर-पार की लड़ाई का मुद्दा बन गया है। सत्तारूढ़ एनडीए परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिशों में लगा हुआ है, वहीं विपक्ष मानसून सत्र के समापन न होने और शीतकालीन सत्र में देरी को लेकर सरकार पर हमलावर हो गया है। हाल ही में शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने आरोप लगाया था कि सरकार 150 करोड़ में सांसदों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रही है, वहीं अब लोकसभा में परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिशों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। पार्टी महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि सरकार कौटिल्य के सिद्धांत साम, दाम, दंड, भेद में से संवाद यानी साम को छोडक़र बाकी तीन तरीकों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए हर तरीका अपनाने की कोशिश की, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली।
जयराम रमेश ने बुधवार को कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों के साथ बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषय पर व्यापक सहमति की जरूरत है, तो सरकार ने संवाद को प्राथमिकता क्यों नहीं दी। आरोप लगाए जा रहे हैं कि सरकार किसी भी तरह बिल को पास करा लेना चाहती है। इसके लिए पिछले दो महीने में सरकार ने हर संभव प्रयास किए हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली है। इस कारण विशेष सत्र बुलाने का मामला टलता जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि विपक्ष ने सरकार की इस कमजोरी को भांप लिया है। विपक्ष का कहना है कि विधेयक पारित कराने के लिए भाजपा लोकसभा में जरूरी संख्या जुटाने की कोशिश में जुटी हुई है। इसके लिए छोटी राजनीतिक पार्टियों को तोडऩे या उनके सांसदों पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर पार्टियों को तोडऩे में सफलता नहीं मिली तो सांसदों को पैसे का लालच दिया जाएगा।
क्षेत्रीय पार्टियां कीमत वसूलने के मूड में
विपक्ष का दावा है कि लोकसभा में परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने के लिए सरकार क्षेत्रीय पार्टियों के सांसदों को अपने पक्ष में करने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि क्षेत्रीय पार्टियां इसके लिए मोटी कीमत वसूलने के मूड में हैं। गत दिवस शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए विपक्षी दलों के सांसदों को तोडऩे और खरीदने की कोशिश की जा रही है। राउत के मुताबिक, भाजपा के कथित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में एक सांसद की कीमत 150 करोड़ रुपये तय की गई है। इस बयान पर भाजपा ने पलटवार करते हुए राउत को फर्जी खबरें फैलाना बंद करने की नसीहत दी है। राउत ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह परिसीमन विधेयक को किसी भी कीमत पर पारित कराना चाहते हैं। उनके मुताबिक, इसी रणनीति के तहत संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी की जा रही है। उन्होंने संविधान के 131वें संशोधन विधेयक, 2026 का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि सरकार इसे परिसीमन विधेयक के साथ पारित कराना चाहती है।
खडग़े ने चार बार लिखे प्रधानमंत्री को पत्र
कांग्रेस ने दावा किया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने पिछले सात महीनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चार पत्र लिखकर परिसीमन के मुद्दे पर बातचीत और सहमति बनाने का सुझाव दिया था। ये पत्र 11 अप्रैल, 16 जुलाई, 27 अगस्त और 16 अक्टूबर को लिखे गए थे। कांग्रेस का कहना है कि इतने महत्वपूर्ण संवैधानिक और राजनीतिक विषय पर सभी दलों के बीच चर्चा होनी चाहिए। पार्टी ने सरकार की बहुमत जुटाने की कोशिशों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि संवाद की प्रक्रिया को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया।
परिसीमन और महिला आरक्षण पर कांग्रेस का रुख
कांग्रेस ने इससे पहले भी परिसीमन को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट किया था। पार्टी का कहना है कि मौजूदा लोकसभा की सदस्य संख्या और राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखा जाना चाहिए। साथ ही महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण को लागू करने की मांग की है। कांग्रेस का तर्क है कि महिला आरक्षण को लागू करने के लिए परिसीमन की प्रक्रिया को अनिवार्य शर्त नहीं बनाया जाना चाहिए। पार्टी ने इसे विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ते हुए महिला आरक्षण लागू करने पर जोर दिया है।
संसद सत्र की अनिश्चितता पर भी सवाल
कांग्रेस ने संसद के अगले सत्र को लेकर बनी अनिश्चितता पर भी केंद्र सरकार को घेरा है। पार्टी ने सोमवार को आरोप लगाया था कि सरकार की ओर से संसद सत्र को लेकर स्पष्टता नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि या तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अपने ही दावों में उलझ गए हैं या फिर कोई गंभीर राजनीतिक रणनीति तैयार की जा रही है। पार्टी ने यह भी याद दिलाया कि संसद का मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुए 100 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सरकार अब तक परिसीमन विधेयक के लिए लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है।

