मोदी सरकार रही तो 1-2 साल में भारत बनेगा दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था
कलबुर्गी । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ’ रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर देश की लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए उसके शासनकाल की तीन बड़ी गलतियां गिनाईं। राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 60 साल के शासन में ऐसे फैसले लिए, जिन्होंने देश के लोकतंत्र और सामाजिक एकता को गहरी चोट पहुंचाई।
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस की पहली बड़ी गलती वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा देश में आपातकाल लागू करना था। दूसरी गलती वर्ष 1984 में कांग्रेस के संरक्षण में सिख भाई-बहनों का नरसंहार था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तीसरी गलती आज भी जारी है, जब वह अपने राजनीतिक हितों और सत्ता की चाहत में संवैधानिक संस्थाओं को चोट पहुंचाने का काम कर रही है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता और कुर्सी हासिल करने की जिद में लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद को लगातार कमजोर करने की कोशिश कर रही है। यदि देश में कोई राजनीतिक दल लगातार भारत की संस्थाओं को कमजोर करने का काम कर रहा है, तो वह कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भारतीय जनता पार्टी पहले भी संघर्ष करती रही है, आज भी कर रही है और भविष्य में भी करती रहेगी।
राजनाथ सिंह ने रैली में कहा कि वह संविधान की रक्षा का संकल्प लेने के लिए कलबुर्गी आए हैं। उन्होंने कहा कि देश में सत्ता परिवर्तन या राजनीतिक बदलाव की इच्छा रखने वाले लोगों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करना चाहिए। सरकार बदलने का रास्ता चुनाव और लोकतंत्र है, न कि अराजकता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और राजनीतिक संघर्ष की पूरी गुंजाइश है, लेकिन इसके नाम पर संवैधानिक व्यवस्था को कमजोर करना उचित नहीं है।
आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले भारत आर्थिक आकार के लिहाज से दुनिया के शीर्ष 10-11 देशों में शामिल था, जबकि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में खड़ा है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि अगर नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने रहते हैं और सरकार इसी तरह काम करती रहती है, तो 1-2 साल के भीतर भारत को आर्थिक आकार के मामले में दुनिया के शीर्ष 3 देशों में शामिल होने से कोई नहीं रोक सकता।
रक्षा मंत्री ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए स्थिर नेतृत्व, मजबूत संस्थाएं और लोकतांत्रिक व्यवस्था जरूरी हैं। राजनीतिक दलों को सत्ता की लड़ाई लोकतांत्रिक मर्यादाओं के भीतर रहकर लड़नी चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संविधान, लोकतंत्र और देश की संस्थाओं की मजबूती के लिए लगातार काम करने का आह्वान किया।

